अभिनेता अर्जुन कपूर ने वर्ष 2012 में फिल्म 'इश्कजादे' से अपना फिल्मी सफर शुरू किया। अपने एक दशक के करियर में वह कई फिल्मों में काम कर चुके हैं। कुछ फिल्मों ने उन्हें पहचान दिलाई है तो कुछ बॉक्स-ऑफिस पर फ्लॉप साबित हुई हैं। हिट और फ्लॉप की कहानी हर अभिनेता के साथ चलती रहती है। सफल फिल्मों के साथ, उन्हें अपनी असफल फिल्मों की जिम्मेदारी भी लेनी पड़ती है। मगर, अर्जुन कपूर को अपनी एक फिल्म के फ्लॉप होने का इतना दुख है कि वो आज तक इसकी वजह तलाश रहे हैं और वह फिल्म है 2015 में आई 'तेवर'। हाल ही में एक बातचीत के दौरान अर्जुन कपूर ने कहा कि 'तेवर' फिल्म मेरी फैमिली ने बनाई थी। इसके लिए मैंने खूब मेहनत की, पता नहीं कहां कमी रह गई। इस बहाने जानते हैं अर्जुन की अन्य कुछ फ्लॉप फिल्मों का रिपोर्ट कार्ड....
Arjun Kapoor: फिल्म 'तेवर' के फ्लॉप की आज तक वजह तलाश रहे अर्जुन, जानिए उनकी बाकी बेदम फिल्मों का हाल
'औरंगजेब' (2013)
अतुल सभरवाल द्वारा निर्देशित अर्जुन की यह थ्रिलर फिल्म भी फ्लॉप रही। यह लैंड माफिया की कहानी है। इसमें अर्जुन कपूर ने डबल रोल निभाया। इस फिल्म ने 3.9 करोड़ रुपये की ओपनिंग की। यह फिल्म कुल 2.35 करोड़ रुपये की कमाई कर पाई। एक बातचीत के दौरान खुद अर्जुन कपूर ने कहा था कि फिल्म 'औरंगजेब', में उन्हें कम आंका गया।
'फाइंडिंग फैनी' (2014)
अर्जुन कपूर की यह फिल्म भी फ्लॉप साबित हुई थी। इस फिल्म की कहानी 'पोकोलिम' नाम के गांव से शुरू होती है। इस गांव में लोगों की जिंदगी का कोई खास मकसद नहीं है। इस फिल्म में अर्जुन कपूर ने सावियो डि-गामा का किरदार निभाया। वहीं इस फिल्म में अभिनेत्री दीपिका पादुकोण भी अहम भूमिका में नजर आईं, उन्होंने फिल्म में फैनी का किरदार अदा किया है। अर्जुन और दीपिका की जोड़ी वाली यह फिल्म चल नहीं पाई। इस फिल्म ने 5.1 करोड़ की ओपनिंग के साथ कुल 35.91 करोड़ का कलेक्शन किया था।
'नमस्ते इंग्लैंड' (2018)
विपुल अमृतलाल शाह निर्देशित इस फिल्म में अर्जुन कपूर के साथ परिणीति चोपड़ा नजर आईं। फिल्म की कहानी पंजाब से शुरू होती है। अर्जुन कपूर ने इस फिल्म में परम का किरदार निभाया, वहीं परिणीति ने जसमीत का। दोनों शादी कर लेते हैं। जसमीत अपना सपना पूरा करने के लिए लंदन जाती है। उसका पीछा करते हुए परम भी वहां पहुंच जाता है। हालांकि यह फिल्म दर्शकों को रास नहीं आई और बॉक्स-ऑफिस पर फ्लॉप साबित हुई। इस फिल्म ने 1.75 करोड़ रुपये की ओपनिंग की। इसके बाद फिल्म ने कुल 8.02 करोड़ रुपये का बॉक्स-ऑफिस कलेक्शन किया।
'पानीपत' (2019)
आशुतोष गोवारिकर निर्देशित यह एक ऐतिहासिक फिल्म है। इसमें पानीपत की तीसरी लड़ाई के बारे में बताया गया। फिल्म में अर्जुन कपूर ने सदाशिवराव भाऊ का किरदार अदा किया। मगर उनका काम दर्शकों पर असर नहीं छोड़ पाया, लिहाजा फिल्म नहीं चल पाई। 4.12 करोड़ रूपये की ओपनिंग के साथ इस फिल्म ने 34.28 करोड़ रुपये का कुल बॉक्स-ऑफिस कलेक्शन किया था।