क्या आपको
अमिताभ बच्चन की फिल्म
'आज का अर्जुन' याद है जिसमें अपनी बहन की मौत का बदला लेने के लिए अमिताभ पूरे सिस्टम से लड़ जाते हैं। इस फिल्म में अमिताभ बच्चन की बहन का किरदार निभाया था एक्ट्रेस
राधिका शरत कुमार ने।
इस फिल्म में राधिका अमिताभ बच्चन और जया प्रदा जैसे बड़े स्टार्स के सामने अपनी छाप छोड़ने में कामयाब रहीं, लेकिन आप हैरान रह जाएंगे जब पता चलेगा कि राधिका आज साउथ में टीवी इंडस्ट्री पर राज कर रही हैं। सही मायनों में उन्हें वहां की एकता कपूर माना जा सकता है।
राधिका आज एक सक्सेसफुल टीवी प्रोड्यूसर, बिजनेसवूमन हैं जो तमिल और तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री पर राज कर रही हैं। उन्होंने रादान मीडियावर्क्स प्राइवेट इंडिया लिमिटेड के नाम से एक प्रोडक्शन हाउस खोला हुआ है जिसके बैनर तले वो कई सुपरहिट और सफल टीवी शोज बना चुकी हैं। इस प्रोडक्शन हाउस की कर्ता-धर्ता राधिका ही हैं।
अपने तीन दशक से भी लंबे करियर में राधिका ने 200 से भी ज्यादा फिल्मों में काम किया जिनमें तमिल, तेलुगु, मलयालम, कन्नड़ और हिंदी फिल्में भी शामिल हैं। फिल्मों के अलावा राधिका कई टीवी शोज भी प्रोड्यूस कर चुकी हैं।
राधिका ने बॉलीवुड फिल्मों में एंट्री 1979 में आई फिल्म 'हमारे तुम्हारे' से की थी लेकिन उन्हें पहचान मिली 1990 में आई फिल्म 'आज का अर्जुन' से। इस फिल्म में उनके मॉडर्न ख्यालों वाली लड़की के किरदार को लोगों ने काफी पसंद किया।