48वें इंटरनेशल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया का समापन हो गया है। गोवा में चले इस फेस्टिवल में आखिरी दिन बॉलीवुड की सभी बड़ी हस्तियां पहुंची। अमिताभ से लेकर खिलाड़ी कुमार और दबंग खान भी इस खास मौके पर आए।
फेस्टिवल के समापन समारोह में बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन को IFFI 2017 इंडियन फिल्म 'पर्सनैलिटी ऑफ द ईयर' के सम्मान से नवाजा गया। बता दें कि बॉलीवुड के खाते में यही इकलौता अवार्ड आया है जिसे स्मृति ईरानी और अक्षय कुमार ने बिग बी को सौंपा।
बता दें कि अक्षय ने अवार्ड देने से पहले अमिताभ बच्चन के लिए एक स्पीच भी दी जिसमें उन्होंने बिग बी की खासियतों को गिनाया। वहीं, बिग बी के फेमस गानों पर एक्टर सिद्धार्थ मल्होत्रा ने भी उमदा परफॉर्मेंस दी। इस इवेंट को आरजे प्रीतम सिंह, जायरा वसीम, सोनाली बेंद्रे और करण जौहर ने होस्ट किया था।
बता दें कि रेड कारपेट पर बॉलीवुड की तमाम हस्तियों ने अपना जलवा बिखेरा। इसमें फिल्म 'टाइगर जिंदा है' की एक्ट्रेस कटरीना कैफ नीले रंग के गाउन में नजर आईं तो वहीं अक्षय कुमार फॉर्मल कोट पैंट में खूब जच रहे थे। वहीं, फिल्म 'मोहनजोदाड़ो' की एक्टर पूजा हेगडे भी काफी खूबसूरत लग रही थीं।
बिग बी ने बंद गले के कोट के साथ काली पैंट पहनी हुई थी। फिल्म मेकर करण जौहर भी अपने अलग अंदाज में नजर आए। एक्टर सिद्धार्थ मल्होत्रा ने कुर्ते और पेंट के साथ बंद गले का आसमानी रंग का कोट डाला हुआ था।