फिल्मी दुनिया एक ऐसी दुनिया है जहां उगते सूरज को ही सलाम किया जाता है। जैसे ही आप इसकी नजरों से ओझल हुए या आपका सितारा जरा भी गर्दिश में पहुंचा, तो आपको भुला दिया जाता है। हिंदी सिनेमा में कई ऐसे
कलाकार हुए हैं जिन्होंने अपने दौर में इंडस्ट्री पर राज किया, लेकिन जब उनका करियर ढलान पर पहुंचा तो उन्हें भुला दिया गया। आज भी जहां कुछ कलाकार
गुमनामी में जी रहे हैं तो वहीं कुछ
गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं और मदद के इंतजार में हैं।
ऐसे ही एक एक्टर हैं सीताराम पंचाल जो आज किडनी और फेफड़ों के कैंसर से पीड़ित हैं और जिंदगी की भीख मांग रहे हैं। उनकी आर्थिक हालत भी ठीक नहीं है।
सीताराम पंचाल को करीब तीन साल पहले कैंसर होने के बारे में पता चला, लेकिन अब उनकी हालत इतनी ज्यादा खराब हो गई है कि वो पिछले 10 महीनों से बिस्तर पर ही हैं। उनके पास इलाज के लिए पैसे भी नहीं हैं। हाल ही में एक फेसबुक पोस्ट के जरिए सीताराम पंचाल ने लोगों से आर्थिक मदद मांगी है।
सीताराम पंचाल को बेशक आप नाम से भले ही ना पहचानें, लेकिन उनका चेहरा देखते ही आपको वो सारी फिल्में, वो सारे किरदार याद आ जाएंगे जो उन्होंने अपनी दमदार एक्टिंग से यादगार बना दिए।
सीताराम पंचाल ने 1994 में आई फिल्म 'बेंडिट क्वीन' से डेब्यू किया था। इस फिल्म में भले ही उनका रोल छोटा रहा हो, लेकिन वो अपनी दमदार एक्टिंग से छाप छोड़ने में कामयाब रहे।