साल की पहली हिट हॉरर फिल्म ‘शैतान’ में विलेन के रोल में नजर आए अभिनेता आर माधवन इन दिनों खुद को नित नई चुनौती देने वाले किरदारों की तलाश में हैं। माधवन इन दिनों लंदन में अपनी अगली फिल्म की शूटिंग में व्यस्त है। यह एक स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म है। इसके अलावा वह मशहूर इंजीनियर गोपालस्वामी दुरईस्वामी की बायोपिक में भी काम करने जा रहे हैं। इस बीच, आर माधवन ने एक बड़ी पान मसाला कंपनी का ब्रांड अंबेसडर बनने का प्रस्ताव ठुकरा दिया है। ये कंपनी उन्हें सिर्फ अपनी फोटो छापने देने के एवज में करोड़ों रुपये देने का प्रस्ताव दे चुकी है।
R Madhavan: बड़े पान मसाला ब्रांड को माधवन ने दूर से हाथ जोड़े, ब्रांड अंबेसडर बनने का मिला करोड़ों का ऑफर
पान मसाला कंपनियों ने इन दिनों देश के हिंदी, तमिल, तेलुगु और यहां तक के हॉलीवुड सितारों तक के लिए अपनी तिजोरियां खोल रखी हैं। पियर्स ब्रॉसनन वाला विज्ञापन तो लोगों को अब तक याद है। इसके अलावा अमिताभ बच्चन, रणवीर सिंह, अजय देवगन, अक्षय कुमार, शाहरुख खान और मनोज बाजपेयी तक सब किसी न किसी पान मसाले का विज्ञापन करते नजर आते ही रहते हैं। साउथ में महेश बाबू और युवा पीढ़ी के सितारों में टाइगर श्रॉफ तक पान मसाला विज्ञापनों में नजर आ चुके हैं। जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश की एक बड़ी पान मसाला कंपनी को इन दिनों एक ऐसे घरेलू चेहरे की तलाश है जो उनके मसाले की पहुंच युवाओं के बीच और बढ़ा सके।
सूत्र बताते हैं कि हिंदी सिनेमा के एक दो बड़े नामों की चर्चा के बाद संबंधित पान मसाला कंपनी को आर माधवन का प्रोफाइल और उनकी फैन फॉलोइंग काफी पसंद आई है। इस बारे में कंपनी ने ग्राउंड रिसर्च भी काफी की और पता चला कि माधवन पर दर्शकों का भरोसा और उनकी फिल्मों को लेकर बनी उनकी छवि का उनकी असल जिंदगी से सीधा तारतम्य बैठता है। ब्रांड की छवि के साथ माधवन की भरोसे की छवि के मैच होने का भी इस चुनाव को फायदा मिला। माधवन को पान मसाले के विज्ञापन का ये प्रस्ताव काफी उम्मीद से भेजा गया था और पान मसाला कंपनी को उम्मीद थी कि उनके प्रस्ताव को वह स्वीकार कर भी लेगें। लेकिन, सूत्र बताते हैं कि माधवन ने करोड़ों का ये प्रस्ताव पहली बार में ही नकार दिया। माधवन इन दिनों फिल्म और टीवी प्रशिक्षण संस्थान, पुणे के अध्यक्ष भी हैं और शुरू से उन्होंने खुद को ऐसे विज्ञापनों से दूर ही रखा है जो युवाओं के सेहत पर बुरा असर डालते हैं।
यहां दिलचस्प ये भी है कि युवाओं में अपनी फिटनेस के लिए काफी मशहूर रहे अक्षय कुमार और टाइगर श्रॉफ दोनों पान मसाला का विज्ञापन करते हैं और दोनों की फिल्में लगातार फ्लॉप होती रही हैं। मनोज बाजपेयी ने भी लंबे समय तक एक पान मसाला का विज्ञापन किया और बड़े परदे पर बतौर हीरो उनकी पारी भी करीब करीब पूरी हो चुकी है। रणवीर सिंह का फिल्मी करियर भी पान मसाला का विज्ञापन करने के बाद से डांवाडोल ही चल रहा है। अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान और अजय देवगन ही ऐसे सितारे हैं जिनके पान मसाला विज्ञापन करने के बाद भी उनकी सिनेमाई ब्रांड वैल्यू पर ज्यादा असर नहीं पड़ा है।
Gangs of Wasseypur: गैंगस्टर वीक का मजा लेने के लिए हो जाएं तैयार, फिर से रिलीज होने जा रही गैंग्स ऑफ वासेपुर