दिल्ली विश्वविद्यालय में अंडर ग्रेजुएट कोर्सेज के लिए आवेदन की रेस जारी है। कॉलेजों में दाखिले के लिए आवेदन भी खूब आ रहे हैं। इस आवेदन प्रक्रिया में आवेदकों के बीच ईसीए (एक्स्ट्रा करिकुलर एक्टिविटी) व स्पोर्ट्स के आवेदन को लेकर असमंजस है। दरअसल, आवेदकों को ऐसा लग रहा है कि उन्हें ईसीए व स्पोर्ट्स के लिए अलग से कोई भुगतान नहीं करना है। जबकि ऐसा नहीं है कि आवेदकों को ईसीए व स्पोर्ट्स के लिए आवेदन करने पर अलग से शुल्क का भुगतान करना है।
डीयू में जारी है आवेदन की रेस, ओपन डेज में मिल रही अहम जानकारी
डिप्टी डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ गुरप्रीत सिंह टुटेजा ने बताया कि इस बार एक ही फॉर्म से सामान्य, ओबीसी, एससी, एसटी, पीडब्ल्यूडी, नॉन कालिजिऐयट, स्पोर्ट्स व ईसीए के लिए आवेदन करने की सुविधा दी गई है। आवेदकों को यह ध्यान रखना होगा कि भले ही एक ही फॉर्म से सभी तरह के आवेदन कर सकते हैं लेकिन उन्हें ईसीए व स्पोर्ट्स के लिए अलग से भुगतान करना होगा।
उन्होंने बताया कि सामान्य व ओबीसी के आवेदकों को ईसीए व स्पोर्ट्स कैटेगिरी के लिए अलग से 100-100 रुपये का भुगतान करना है। इस तरह से उन्हें 200 रुपये चुकाने होंगे। वहीं, यदि एससी-एसटी के आवेदक ईसीए-स्पोर्ट्स में भी आवेदन करना चाहते हैं तो उन्हें इसके लिए 50 रुपये अतिरिक्त देने होंगे। इस तरह उनके लिए यह शुल्क 150 रुपये हो जाएगा।
सवाल: ऑनलाइन आवेदन में गलत जानकारी दी है, पंजीकरण शुल्क भी जमा करा दिया है। क्या अब सुधार किया जा सकता है?
उत्तर- ऑनलाइन आवेदन के समय पंजीकरण शुल्क का भुगतान करने के बाद किसी प्रकार का संशोधन, जोड़ना, या कुछ बदलाव नहीं किया जा सकता है। गलत तरीके से भरा गया फॉर्म रद्द हो जाएगा। नए ई-मेल आईडी से नया फॉर्म भरें और पंजीकरण शुल्क का भुगतान करें।
सवाल: ईसीए में सर्टिफिकेट व ट्रायल की वेटेज कितनी-कितनी है?
उत्तर- ईसीए के दाखिले में सर्टिफिकेट की महत्ता 25 फीसदी व ट्रायल की महत्ता 75 फीसदी है। अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय, राज्य, जोनल व स्कूल स्तर के सर्टिफिकेट को महत्ता दी जाएगी। सर्टिफिकेट वर्ष 2013 से वर्ष 2016 के बीच के होने चाहिए।