नैनीताल में सप्ताह के अंत (वीकेंड) में रविवार को भी सैकड़ों की संख्या में सैलानी पहुंचे। बारिश और ठंड के बाद भी पूरे दिन पर्यटक स्थलों पर सैलानियों की भीड़ रही। रूसी बाईपास में बने अस्थायी पार्किंग में पर्यटकों के वाहन रोकने के बाद भी शहर में दिनभर सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए।
नैनीताल: बारिश के बीच उमड़ी सैलानियों की भीड़, पार्किंग हुईं फुल, शहर में दिनभर रेंगते रहे वाहन, तस्वीरें...
रूसी बाईपास के दोनों ओर रविवार को भी पर्यटकों के वाहन रोके गए। नैनीताल में उन्हीं पर्यटकों के वाहनों को प्रवेश दिया गया, जिनके पास पार्किंग वाले होटलों की बुकिंग थी। इसके बाद शटल सेवा से पर्यटकों को नैनीताल भेजा गया। देर शाम तक रूसी बाईपास के दोनों छोरों में लगभग एक हजार से ज्यादा वाहन पार्क हो चुके थे।
पर्यटकों की आमद बढ़ने से रविवार को मॉल रोड में अच्छी खासी चहल पहल देखने को मिली। इधर पुलिस की मौजूदगी नहीं होने से माल रोड में कई जगह नो पार्किंग जोन में वाहन खड़े दिखाई दिए। इसके चलते कई बार यातायात व्यवस्था गड़बड़ा गई। पर्यटकों की भीड़ को देख पर्यटन कारोबारियों के चेहरे खिले नजर आए।
नगर में होटल संचालकों, टैक्सी चालकों, दुकानदारों, रेस्टोरेंट संचालकों, नौका चालकों व घोड़ा संचालकों ने भी अच्छा कारोबार किया। रविवार को नैनीताल में पर्यटकों की संख्या अधिक होने से रोडवेज बसें कम पड़ गईं। इसके चलते कई पर्यटकों और स्थानीय लोगों को घंटों बसों का इंतजार करना पड़ा। वहीं गिनी चुनी बसें जब रोडवेज स्टेशन पहुंची तो पर्यटक खिड़की के रास्ते भी बसों में चढ़ते नजर आए।
यहां इतने पर्यटक पहुंचे
चिड़ियाघर - 980
वाटरफॉल - 1000
केव गार्डन - 450
बॉटनिकल गार्डन - 150
केबिल कार - 850