क्रिकेटर मनीष पांडे और अश्रिता शेट्टी की शादी भले ही मुंबई में हुई हो लेकिन मनीष अपने पहाड़ी रीति रिवाज नहीं भूले। मनीष के घरवालों की ओर से दिए गए पिछौड़े को ओढ़कर ही अश्रिता ने मनीष संग सात फेरे लिए। बता दें कि पिछौड़ा उत्तराखंड के कुमाऊं में दुल्हन के लिए शुभ माना जाता है। शादी के बाद हर शुभ मौके पर सुहागन महिला को यह पहनकर ही पूजा करनी होती है।
मनीष की शादी में शामिल होने के लिए उनके ममेरे भाई प्रकाश भट्ट मुंबई गए हैं। उनकी शादी से भिड़ी गांव में खुशी का माहौल है। उन्होंने बताया कि मनीष जल्द ही अपने कुलदेवता का अशीर्वाद लेने अश्रिता के साथ अपने गांव आएंगे। उनके आने की तारीख अभी तय नहीं है। लेकिन वे जल्द ही आएंगे।
सोमवार को पूरे दिन तमाम सोशल साइट और एप्लीकेशन पर मनीष की शादी के फोटो, वीडियो शेयर होते रहे। मनीष के परिजन बंगलूरू में रहते हैं। भीड़ी निवासी मनीष के भाई प्रदीप पांडे ने बताया कि इस शादी में सीमित लोगों को ही बुलाया गया था। इसलिए उनके ममेरे भाई प्रकाश भट्ट ही मुंबई गए हैं।
गांव के समाजसेवी जीवन तिवारी और किशोर चंद्र तिवारी ने बताया कि ग्रामीणों को निमंत्रण नहीं मिलने का मलाल नहीं है। मनीष की शादी से गांव में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि मंगलवार को गांव के ही मनीष पांडे नाम के दूसरे युवक की भी शादी है। उसकी बरात गांव से शहर के एक होटल में जानी है। इसलिए वे उसी शादी में दोगुनी खुशी के साथ शामिल हो रहे हैं।
मनीष और अश्रिता शेट्टी दोनों लंबे समय से रिलेशनशिप में थे। दोनों की जोड़ी क्रिकेट व मनोरंजन जगत की नई जोड़ी बन गई है। पांच से अधिक फिल्मों में अभिनय कर चुकीं अश्रिता दक्षिण भारतीय सिने जगत का बड़ा चेहरा बन चुकीं हैं। मनीष की शादी में देश- विदेश के खिलाड़ियों के साथ ही घनिष्ठ मित्र और रिश्तेदारों को ही शामिल होने का मौका मिला।