Amar Ujala Jyotish Mahakumbh: पंडित लेखराज शर्मा को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड, सीएम धामी ने किया सम्मानित
अमर उजाला ज्योतिष महाकुंभ का आज समापन हो गयाृ। सातवें अमर उजाला-ग्राफिक एरा ज्योतिष महाकुंभ में उद्घाटन समारोह के बाद जब तक ज्योतिषी अपने स्टॉल पर पहुंचे, तब तक जगह-जगह लंबी कतार लग गई। समापन समारोह में पहुंचे सीएम धामी ने ज्योतिषियों को सम्मान किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ज्योतिष एक ऐसा नेत्र है जो भूत, वर्तमान व भविष्य एक साथ देख सकता है। यह भौतिक, आध्यात्मिक व दैवीय विचारों का संगम है। सातवें अमर उजाला-ग्राफिक एरा ज्योतिष महाकुंभ के समापन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आज मौका आ गया है कि हम अपनी गौरवशाली सनातनी संस्कृति पर गौरव करें। समारोह में उन्होंने 84 ज्योतिषियों को सम्मानित किया। इस दौरान सीएम ने ग्राफिक एरा ज्योतिष शोध फैलोशिप लांच की।
सोमवार को ग्राफिक एरा विवि के कन्वेंशन सेंटर में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड देवों की भूमि है। यहां ऋषि परंपराओं का गौरवशाली इतिहास रहा है। यहां ऋषि मुनियों ने बड़े-बड़े यज्ञ किए, मंत्रोच्चार किया। मंत्रों की शक्ति कभी समाप्त नहीं होती। इस आयोजन का खुद में विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि हमारे ऋषि मुनियों ने वेदों से ज्ञान-विज्ञान की उपासना का संदेश दिया। वेदों में पूरे ब्रह्मांड का रहस्य समाया हुआ है। इसे जानने के लए ज्योतिष शास्त्र को जानना जरूरी है। ज्योतिष शास्त्र ब्रह्मांड को समझने का रास्ता है।
सीएम धामी ने कहा कि ज्योतिष ऐसा नेत्र है, जो पूर्व, वर्तमान व भविष्य तीनों को एकसाथ देख सकता है। यह भौतिक, आध्यात्मिक व दैवीय विचारों का समन्वय है। उन्होंने कहा कि हमारे इस प्राचीन ज्ञान का दुनिया ने उपयोग तो किया, लेकिन इसका श्रेय हमें नहीं मिल पाया। आज समय है कि हम अपनी मान्यताओं व उपलब्धियों पर गौरव करना सीखें। इससे पहले कार्यक्रम में पंडित केए दुबे पद्मेश, आचार्य इंदु प्रकाश, पंडित सतीश शर्मा, पंडित अजय भांबी को सीएम ने विशेष सम्मान दिया। समारोह में पंडित लेखराज शर्मा को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से नवाजा गया। समारोह में अमर उजाला के संपादक अनूप वाजपेयी ने सबका स्वागत किया और ग्राफिक एरा ग्रुप के अध्यक्ष प्रो. डॉ. कमल घनशाला ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
भावी पीढ़ी को ज्योतिष से जोड़ने को बनाई परिषद
सीएम धामी ने कहा कि आज हमें ये जानना होगा कि प्राचीन ज्ञान पर पूर्वजों ने कैसे काम किया था। आज नासा भी हमारे वेद, पुराण, ज्योतिषीय गणनाओं का लोहा मानता है। वह इसकी मदद से ज्वार भाटा, सूर्यग्रहण, चंद्रग्रहण को पहले ही जान सकता है। भावी पीढ़ी को ज्योतिष शास्त्र की इन बारीकियों को बताना बहुत जरूरी है, जिसके लिए हमारी सरकार ने उत्तराखंड ज्योतिष परिषद का गठन किया है।
सनातनी संस्कृति के संरक्षण के साथ श्रेष्ठ राज्य बनेगा उत्तराखंड
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारत की संस्कृति की धर्म ध्वजा पूरे गौरव के साथ आज पूरे विश्व में फहरा रही है। हमारे देवस्थानों का नव निर्माण, पुर्ननिर्माण हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रेरणा लेकर राज्य में भी सनातन संस्कृति के संरक्षण को अनेकों काम किए गए हैं। राज्य के देवभूमि वाले मूल स्वरूप को बनाए रखने के लिए हमने अतिक्रमण रोधी अभियान चलाकर 5000 एकड़ भूमि मुक्त कराई। जबरन धर्मांतरण रोकने के लिए सख्त कानून बनाया। सनातन संस्कृति के संवर्धन के लिए जो जरूरी है, वह काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमने देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने का विकल्परहित संकल्प लिया है, जिसमें सभी विद्वानों, ऋषियों, मुनियों की भी अहम भूमिका होगी।
पंडित लेखराज को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड
समारोह में हिमाचल प्रदेश से आए हस्तरेखा के विशेषज्ञ ज्योतिष पंडित लेखराज शर्मा को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया।
ग्राफिक एरा शुरू करेगा फैलोशिप
समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और ग्राफिक एरा ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. कमल घनशाला ने संयुक्त रूप से ज्योतिष में शोध कार्यों को बढ़ावा देने के लिए ग्राफिक एरा ज्योतिष शोध फैलोशिप की लांचिंग की। इसके तहत ग्राफिक एरा हर वर्ष वैदिक ज्योतिष के क्षेत्र में शोध करने वाले को दो लाख रुपये की फैलोशिप और 50 हजार रुपये का यात्रा अनुदान व अन्य खर्च देगा।
ये भी पढ़ें...Amar Ujala Jyotish Mahakumbh: राज्यपाल बोले- 500 साल बाद अब अयोध्या में दिव्य-भव्य रूप में दिखेगा राम मंदिर
अयोध्या में बना रहे उत्तराखंड भवन
सीएम धामी ने कहा कि जिस तरह त्रेता युग में लोगों ने भगवान राम का राज्य देखा था, वैसे ही हम इस कलयुग में इसके साक्षी बनने जा रहे हैं। 22 जनवरी को रामलला विराजमान हो रहे हैं, जो अवसर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वजह से हमें देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जो उत्तराखंडवासी रामलला के दर्शन करने अयोध्या जाएंगे, उनके लिए हम वहां उत्तराखंड भवन बनाने जा रहे हैं। इसके लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने हमें भूमि उपलब्ध करा दी है। जल्द ही इसका काम शुरू हो जाएगा।