टीम इंडिया एजबेस्टन में इंग्लैंड के खिलाफ पहला टेस्ट जीतने से चूक गई। विराट कोहली के नेतृत्व वाली टीम को पहले टेस्ट के चौथे दिन जीत के लिए 84 रन की दरकार थी जबकि उसके 6 विकेट शेष थे। मगर इंग्लैंड के गेंदबाजों ने अपना दमखम दिखाते हुए टीम इंडिया को जीत से वंचित किया और 31 रन से मुकाबला जीतते हुए पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई। टीम इंडिया के पूर्व विस्फोटक ओपनर वीरेंद्र सहवाग को उम्मीद है कि विराट सेना सीरीज में जोरदार वापसी करेगी।
वीरेंद्र सहवाग ने कहा- अगर टीम इंडिया ने अपनाया यह फंडा तो लॉर्ड्स में जीत पक्की
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सहवाग ने इंडिया टुडे से बातचीत में कहा, 'हमें पहला टेस्ट हर हाल में जीतना चाहिए था। गेंदबाजों की कड़ी मेहनत पर पानी फिर गया।' उन्होंने दूसरे टेस्ट में टीम इंडिया की वापसी की संभावना जताई और कहा, 'गर्मी में लॉर्ड्स की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार होती है। बल्लेबाज को ड्रेसिंग रूम छोर से स्लोप (ढलान) का ध्यान देना होता है। स्लोप के कारण गेंद अंदर की तरफ आती है, लेकिन दिनेश कार्तिक और हार्दिक पांड्या को छोड़ अन्य सभी बल्लेबाज यहां खेल चुके हैं। वैसे, पांड्या और कार्तिक लॉर्ड्स पर वन-डे मैच खेल चुके हैं। मैंने लॉर्ड्स में पहली बार बल्लेबाजी की थी तो 84 रन की पारी खेली थी।'
39 वर्षीय सहवाग चाहते थे कि पहले टेस्ट में चेतेश्वर पुजारा टीम का हिस्सा हो। वह पुजारा को तीसरे क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए देखना चाहते थे जबकि बतौर ओपनर वह केएल राहुल और मुरली विजय को खेलते देखना चाहते थे। मगर कोहली ने प्लेइंग एकादश से सभी को हैरान कर दिया। सहवाग ने कहा, 'अब मैं चाहता हूं कि केएल राहुल को दूसरे टेस्ट में भी बरकरार रखा जाए क्योंकि आपको अपने खिलाड़ी का समर्थन करने की जरूरत होती है। मैं चाहता हूं कि राहुल को पर्याप्त मौके दिए जाएं।'
वीरू का मानना है कि टीम प्रबंधन को पहले टेस्ट में करारी शिकस्त के बाद अलर्ट रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा, 'इंग्लैंड के लिए लॉर्ड्स का मैदान ज्यादा भाग्यशाली नहीं रहा है। टीम इंडिया ने 2014 में इंग्लैंड को लॉर्ड्स में ही मात दी थी जब इशांत शर्मा ने अंतिम दिन 7 विकेट चटकाए थे। इससे पहले मई में इंग्लैंड को पाकिस्तान ने लॉर्ड्स पर पटखनी दी थी।'
बकौल सहवाग, 'लॉर्ड्स पर टीम इंडिया के तीन खिलाड़ी ही विश्वास के साथ मैदान संभालते नहीं दिखना चाहिए। विराट कोहली, रविचंद्रन अश्विन और इशांत शर्मा के अलावा अन्य 8 खिलाड़ियों को भी बेहतर प्रदर्शन करना होगा। अगर टीम इंडिया ने यह फंडा अपनाया तो निश्चित ही जीत दर्ज कर सकेगी। हम सिर्फ कोहली के प्रदर्शन करने के दम पर जीत नहीं पाएंगे।'