भारतीय कप्तान विराट कोहली ने कहा कि उनकी टीम घास वाली पिचों से अनजान नहीं है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ऑस्ट्रेलिया शुक्रवार से शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट के लिए पिच पर घास को बने रहने देगा।
कोहली ने कहा, 'हम जीवंत पिच देखकर परेशान होने के बजाय अधिक उत्साहित हैं। हम समझते हैं कि हमारे पास ऐसा गेंदबाजी आक्रमण है जो विरोधी टीम को आउट कर सकता है। उम्मीद है कि अब पिच से घास नहीं हटाई जाएगी। हम एक टीम के तौर पर इसे देखकर बहुत खुश हैं।
कप्तान विराट कोहली ने कहा, 'हमें एक बल्लेबाजी इकाई के तौर पर खुद को चुनौती देनी होगी और सकारात्मक खेल खेलना होगा। हमें एडिलेड की तरह गेंदबाजों की सफलता में साथ देना होगा। मुझे लगता है कि एडिलेड की तुलना में यह पिच आपको अधिक मौके देगी। इसलिए हम इसे देखकर बहुत उत्साहित हैं।'
उन्होंने कहा, 'अगर आप 20 विकेट नहीं लेते हो तो आप टेस्ट मैच नहीं जीत सकते फिर चाहे आपका स्कोर 600 हो या 700 या 800 रन। अगर आपने 300 रन बनाए हैं और आपके पास 20 विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं तो एक टीम के लिए यह अच्छा है। पिछले तीन दौरों में उन्होंने जैसी गेंदबाजी की वह शानदार है। वे विकेटों के भूखे हैं और आसानी से रन नहीं देते।'
बता दें कि पूरी संभावना है कि भारत इस मैच में चार तेज गेंदबाजों के साथ उतरेगा। इससे पहले जोहानिसबर्ग (2018) और पर्थ (वाका, 2012) में वह ऐसा कर चुका है। कोहली ने कहा कि मैं पिछले दस वर्षों से दुनिया भर में खेला हूं और ईमानदारी से कहुं तो जोहानिसबर्ग जैसे विकेट पर मैं कभी नहीं खेला। हम इस तरह की पिचों से अनभिज्ञ नहीं है और यह उनके लिए नई नहीं है। हम जानते हैं कि इस तरह की पिच से क्या उम्मीद करनी है।