टीम इंडिया के दिग्गज खिलाड़ियों में शुमार रहे तमिलनाडु के सुब्रमण्यम बद्रीनाथ ने शुक्रवार को क्रिकेट के सभी फॉर्मेटों से संन्यास लेने की घोषणा कर दी। बद्रीनाथ ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 10 हजार से ज्यादा रन बनाए हैं। इसके अलावा उन्होंने टीम इंडिया के लिए टेस्ट, वन-डे और टी-20 मैच भी खेल चुके हैं।
दरअसल, 38 वर्षीय बद्रीनाथ ने चेन्नई स्थित तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिएशन ऑफिस में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा, 'मैं अब अपने परिवार के साथ अधिक समय बिताना चाहता हूं। अभी यह मेरी प्राथमिकता है। यह फैसला लेने में इसकी भूमिका अहम रही।'
बद्रीनाथ ने अगस्त 2008 में श्रीलंका के खिलाफ वन-डे और फरवरी 2010 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था। हालांकि, वह टीम इंडिया के लिए सिर्फ दो ही टेस्ट खेल सके, जिसमें उन्होंने मात्र 63 रन बनाए। इसके अलावा बद्रीनाथ ने टीम इंडिया के लिए 7 वन-डे में 79 रन और केवल एक टी-20 में 43 रन बनाए।
37 साल के बद्रीनाथ आईपीएल में चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए खेल चुके हैं। उन्होंने साल 2008 में चेन्नई सुपरकिंग्स की तरफ से किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ खेला था, जबकि उन्होंने आखिरी आईपीएल साल 2013 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेला था। बद्रीनाथ ने आईपीएल में कुल 95 मैचों के 67 पारियों में उन्होंने 1441 रन बनाए है। आईपीएल में उनके नाम 11 अर्धशतक भी दर्ज है।
तमिलनाडु के लिए 14 सीजन तक खेलने वाले बद्रीनाथ 2014-17 तक दूसरे राज्यों के लिए खेले। उन्होंने 2014-16 से तक विदर्भ की कप्तानी की, जबकि 2016 में हैदराबाद के लिए भी खेले। घरेलू क्रिकेट के सबसे बेहतरीन बल्लेबाजों में शुमार बद्रीनाथ ने अपने प्रथम श्रेणी करियर की शुरुआत वर्ष 2000 में की थी। उन्होंने 145 फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 54.49 की औसत से 10,245 रन बनाए हैं, जिसमें 32 शतक और 45 अर्धशतक शामिल हैं। इसके अलावा उन्होंने 144 लिस्ट ए और 142 टी-20 मैच भी खेले हैं।