ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने टीम इंडिया के युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की जमकर तारीफ की है। बता दें कि ऋषभ पंत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथे टेस्ट में 159 रन बनाकर नाबाद हैं।
दरअसल, पोंटिग ने क्रिकेट.कॉम.एयू को दिए इंटरव्यू में कहा, 'पंत के अंदर अद्भुत प्रतिभा है। वह टेस्ट शतकों के मामले में एमएस धोनी को पीछे छोड़ सकते हैं। साथ ही पोंटिंग ने यह भी कहा कि पंत क्रिकेट के दूसरे एडम गिलक्रिस्ट हैं। बता दें कि पंत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी में दूसरे शतक लगाया, जबकि पहला टेस्ट शतक उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ लगाया था।
उन्होंने आगे कहा, 'ऋषभ पंत अभी सिर्फ 21 साल के हैं। वह प्रतिभावान खिलाड़ी हैं। टी-20 फॉर्मेट के जोरदार बल्लेबाज हैं। दिल्ली डेयरडेविल्स (दिल्ली कैपिटल्स) में कुछ महिने मैंने उनके साथ गुजारा है। वह लंबे समय तक टीम में खेलेंगे। मेरे हिसाब से वह दूसरे गिलक्रिस्ट बन सकते हैं।
इस दौरान पोंटिंग ने टीम इंडिया के पूर्व कप्तान एमएस धोनी के शतकों की बात करते हुए कहा, एमएस के नाम सिर्फ 6 टेस्ट शतक हैं, जबकि पंत उनसे आगे निकल सकते हैं। 21 वर्ष की उम्र में उनके नाम दो टेस्ट शतक हो गए हैं। लिहाजा पंत के पास धोनी को पीछे छोड़ने का मौका है। बता दें कि पंत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट करियर का दूसरा शतक लगाया।
पंत ने 189 गेंदों में 15 चौके और 1 छक्का की मदद से 159 रनों की नाबाद पारी खेली। इसके साथ ही ऋषभ पंत ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर शतक लगाने वाले पहले भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज बने। हालांकि पोंटिंग ने पंत की विकेटकीपिंग में और सुधार करने की बात की। उन्होंने कहा कि पंत को अपनी विकेटकीपिंग में सुधार करने की जरूरत है।