चेन्नई सुपरकिंग्स ने रविवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम पर सनराइजर्स हैदराबाद को 8 विकेट से हराकर तीसरी बार आईपीएल का खिताब जीता। एमएस धोनी के नेतृत्व वाली चेन्नई में कई उम्रदराज खिलाड़ी थे, लेकिन इस टीम ने साबित किया कि अनुभव कितना काम आता है। चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान एमएस धोनी ने मैच के बाद उम्र को लेकर हुई बातचीत में कहा कि उम्र मायने नहीं रखती बल्कि फिटनेस अच्छी होना जरूरी है।
बता दें कि आईपीएल फाइनल में सनराइजर्स ने पहले बल्लेबाजी की और 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 178 रन बनाए। जवाब में शेन वॉटसन के नाबाद 117 रनों की मदद से चेन्नई ने 18।3 ओवर में दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। कप्तान धोनी से मैच के बाद टीम में अधिक उम्र के खिलाड़ियों की मौजूदगी के बारे में सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि उम्र केवल नंबर है, लेकिन खिलाड़ी का पूरी तरह फिट होना जरूरी है।
'कैप्टन कूल के नाम से लोकप्रिय धोनी ने कहा, 'हम उम्र के बारे में बात करते हैं, लेकिन फिटनेस अधिक महत्वपूर्ण है। अंबाती रायुडू की उम्र 33 है, लेकिन यह वास्तव में मायने नहीं रखती। अगर आप किसी भी कप्तान से पूछेंगे, तो वह अपनी टीम में ऐसे खिलाड़ी चाहेगा जो चपल हो।'
उन्होंने आगे कहा, 'हम अपनी कमजोरियों से वाकिफ थे। अगर वॉटसन डाइव लगाने की कोशिश करता, तो वह चोटिल हो सकता था इसलिए हमने उसे ऐसा नहीं करने के लिए कहा। उम्र केवल नंबर है, लेकिन आपको पूरी तरह फिट होना चाहिए।'
बकौल धोनी, 'जब आप फाइनल में पहुंचते हो तो हर कोई अपनी भूमिका जानता है। जब आप क्षेत्ररक्षण करते हो तो आपको अपनी रणनीति के अनुसार सामंजस्य बैठाना पड़ता है। हमारे बल्लेबाज अपनी शैली से परिचित हैं। अगर किसी को यह मुश्किल लगती, तो अगले बल्लेबाज के लिए भी आसान नहीं होता।' धोनी से पूछा गया कि उनकी सर्वश्रेष्ठ जीत कौन सी रही, इस पर माही ने जवाब दिया, 'प्रत्येक जीत महत्वपूर्ण होती है इसलिए एक जीत को चुनना मुश्किल है।'