क्रिकेटर मोहम्मद शमी पर पत्नी हसीन जहां ने घरेलू हिंसा और बेवफाई के आरोप लगाए हैं, जिसके बाद कोलकाता पुलिस ने बुधवार को उन्हें समन भेजा। अब मोहम्मद शमी को कोलकाता में ही रुकना पड़ा है जबकि आईपीएल की उनकी टीम दिल्ली डेयरडेविल्स अपना अगला मैच खेलने के लिए बेंगलुरु रवाना हो चुकी है।
क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल के अधिकारी ने कहा कि दिल्ली डेयरडेविल्स के तेज गेंदबाज शमी टीम के साथ रवाना नहीं हुए। बता दें कि DD को अपना अगला मैच 21 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम पर खेलना है।
अधिकारी ने समाचार एजेंसी पीटीआई से बातचीत में कहा, 'DD की टीम दोपहर करीब 3 बजे बेंगलुरु के लिए रवाना हुई, लेकिन शमी फ्लाइट में बोर्ड नहीं किए क्योंकि उन्हें कोलकाता पुलिस के समन का सामना करना है। इसकी कोई अपडेट नहीं मिली है कि वह दिल्ली डेयरडेविल्स के साथ दोबारा कब जुड़ेंगे।'
डीडी के तेज गेंदबाज का कोलकाता में प्रदर्शन भी लचर रहा। सोमवार को केकेआर के बल्लेबाज आंद्रे रसेल ने उनकी खूब धुनाई। केकेआर ने इस मैच को 71 रन के बड़े अंतर से जीता। क्रिकेटर मोहम्मद शमी पत्नी हसीन जहां द्वारा फेसबुक पर शेयर किए स्क्रीनशॉट्स और आरोप लगाने के बाद पहली बार कोलकाता पहुंचे थे। शमी ने पत्नी द्वारा लगाए सभी आरोपों को खारिज किया है। जहां ने फिर क्रिकेटर के खिलाफ लिखित शिकायत दायर की। शमी और उनके परिवार के चार सदस्यों के खिलाफ शहर के जादवपुर पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई।
शमी को तीसरे अलीपुर कोर्ट की तीसरी न्यायलय मजिस्ट्रेट के समन जारी करते हुए पूछताछ के लिए बुलाया है। हसीन जहां ने साथ ही शमी और उनके परिवार के सदस्यों पर घरेलू हिंसा एक्ट 2005 के तहत मामला दर्ज कराया था।