भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान मिताली राज शुक्रवार को 200 वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट मैच खेलने वाली दुनिया की पहली महिला क्रिकेटर बन गई लेकिन इस धुरंधर खिलाड़ी के लिए 200 वनडे महज एक आंकड़ा है।
मिताली ने जनवरी 1999 में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे क्रिकेट में डेब्यू किया था। वह शुक्रवार को 50 ओवरों के प्रारूप में अंतरराष्ट्रीय मैचों का दोहरा शतक जमाने वाली पहली महिला बन गई। 36 साल की मिताली वनडे क्रिकेट में सात शतक समेत 51.33 की औसत से सर्वाधिक 6,622 रन बना चुकी हैं।
मिताली ने न्यूजीलैंड से सीरीज 2-1 से जीतने के बाद कहा, '200 महज एक आंकड़ा है लेकिन इतना लंबा सफर तय करके अच्छा लग रहा है। मैंने 1999 से अब तक दुनिया भर में महिला क्रिकेट के विभिन्न चरण देखे हैं। आईसीसी के तहत आने के बाद हमें फर्क पता चला। मुझे खुशी है कि इतने लंबे समय तक देश के लिए खेल सकी।'
मिताली ने कहा, 'जब मैने क्रिकेट खेलना शुरू किया था तो मुझे लगा नहीं था कि इतनी दूर तक पहुंच सकूंगी। मेरा लक्ष्य सिर्फ भारत के लिए खेलना भर था लेकिन मैने कभी नहीं सोचा था कि इतने लंबे समय तक खेलूंगी।'
पिछले कुछ अर्से में पूर्व कोच रमेश पोवार के साथ मतभेदों के कारण सुर्खियों में रही मिताली ने कहा, 'जब आपका कैरियर लंबा हो तो कई चीजों का अनुभव होता है। मैंने हालात के अनुरूप अपना खेल बदला है और अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुरूप चलने की कोशिश कर रही हूं। मैने उतार-चढाव, खुशियां सब देखी है। मैं उन सभी की शुक्रगुजार हूं जिन्होंने इस सफर में मेरा साथ दिया।'