टीम इंडिया के ओपनर मयंक अग्रवाल ने बुधवार को बॉक्सिंग-डे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार डेब्यू करते हुए 76 रन की पारी खेली। इसी के साथ मयंक अग्रवाल विदेश में डेब्यू पारी में सर्वाधिक स्कोर बनाने वाले भारत के दूसरे सलामी बल्लेबाज बन गए हैं। मयंक ने 161 गेंदों में 6 चौके और एक छक्के की मदद से 76 रन बनाए।
विदेश में टेस्ट डेब्यू करते हुए सर्वाधिक स्कोर बनाने का रिकॉर्ड सुधीर नाइक के नाम दर्ज हैं। सुधीर ने 1974 में इंग्लैंड में ओपनिंग करते हुए 77 रन की पारी खेली थी। अग्रवाल के 76 रन की वजह से महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं। लिटिल मास्टर ने वेस्टइंडीज में 1971 में टेस्ट डेब्यू करते हुए 67 रन की पारी खेली।
इसके साथ ही मयंक अग्रवाल ऑस्ट्रेलिया में डेब्यू टेस्ट में अर्धशतक जमाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बने। इससे पहले दत्तु पहाड़कर ने 1947 में सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में 51 रन की पारी खेली थी। वैसे, ऑस्ट्रेलिया में डेब्यू करके बतौर ओपनर सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड मयंक अग्रवाल के नाम ही दर्ज हो गया है।
27 वर्षीय मयंक टेस्ट क्रिकेट में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले 295वें क्रिकेटर बने। मयंक ने इसी के साथ एक खास उपलब्धि अपने नाम की। वह मेलबर्न में टेस्ट डेब्यू करने वाले टीम इंडिया के पहले क्रिकेटर बने। हालांकि, ऑस्ट्रेलियाई धरती पर डेब्यू करने वाले मयंक दूसरे क्रिकेटर बने।
बता दें कि अग्रवाल ने पिछले रणजी सीजन में 13 पारियों में 105.45 की औसत से 1160 रन बनाए, जिसमें एक तिहरे शतक सहित 5 शतक और 2 अर्धशतक शामिल थे। उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी 2018 में भी 8 पारियों में 90.37 की औसत और 107.91 की स्ट्राइक रेट से 723 रन बनाए, जिसमें 3 शतक और 4 अर्धशतक शामिल रहे।