आज का दिन पाकिस्तान के लिए किसी कलंक से कम नहीं है। आज से 13 साल पहले पाकिस्तान को एक के बाद एक दो बड़े झटके लगे थे जिसनें पाकिस्तान क्रिकेट को झकझोर कर रख दिया था। साल था 2007, जब कैरेबियाई जमीन पर दुनियाभर की क्रिकेट टीमों के बीच विश्व कप खेला जा रहा था। तब आज ही के दिन किंग्स्टन में ग्रुप-डी के मुकाबले में पाकिस्तान और कमजोर आयरलैंड की टीम आमने-सामने थी।
वर्ल्ड कप के नौंवें मैच में हर किसी को उम्मीद थी कि पूर्व विश्व विजेता पाकिस्तान आसानी से मैच जीत जाएगी और आयरलैंड को हरा देगी। लेकिन ऐसा नहीं हुआ और आयरलैंड की टीम ने इंजमाम की कप्तानी वाली पाकिस्तान को रोमांचक मुकाबले में तीन विकेट से हरा दिया। स्टार खिलाड़ियों से भरी पाकिस्तानी टीम के लिए इससे शर्मनाक कुछ नहीं हो सकता था कि उन्हें वर्ल्ड कप में एक कमजोर टीम के हाथों हारकर टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा। उस दौरान पूरी पाकिस्तानी टीम मात्र 132 रन पर ढेर हो गई थी।
लेकिन पाकिस्तान को मैच के बाद एक और बुरी खबर मिलने वाली थी। मैच की समाप्ति के कुछ घंटे बाद पाकिस्तान के उस वक्त के कोच बॉब वूल्मर अपने होटल के कमरे में मृत पाए गए। कहा गया कि वे टीम की हार से सदमे में थे और उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। हालांकि उनके मौत की जांच भी हुई थी लेकिन उसमें कुछ भी नहीं मिला और इसे प्राकृतिक मौत घोषित किया गया।
भारत के कानपुर में साल 1948 में जन्में वूल्मर एक शानदार क्रिकेटर और कोच थे। उन्होंने इंग्लैंड की तरफ से घरेलू क्रिकेट में 19000 से अधिक रन बनाए थे और 800 के करीब विकेट चटकाए थे। उन्होंने इंग्लैंड की तरफ से छह एकदिवसीय और 19 टेस्ट मैचों में शिरकत किया था। इस दौरान उन्होंने हजार से अधिक रन और 13 विकेट भी लिए थे।
वूल्मर ने 1984 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद कोचिंग देना शुरू किया था, इसके बाद उन्होंने दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड को भी कोचिंग दी। साल 2004 में उन्हें पाकिस्तान का कोच बनाया गया।