आईपीएल के 13वें सीजन में दिल्ली कैपिटल्स का दमदार खेल जारी है। श्रेयस अय्यर की अगुवाई में टीम शुरुआत के पांच मैचों में से चार में जीत दर्ज कर शीर्ष पर पहुंच गई है। सोमवार को विराट की आरसीबी के खिलाफ मिली विशाल जीत के बाद दिल्ली के सबसे ज्यादा आठ अंक हो गए हैं। ऐसे में आइए जानते हैं कि दुबई में खेले गए इस मुकाबले में दिल्ली के किन पांच खिलाड़ियों के आगे विराट की आरसीबी ने घुटने टेक दिए।
IPL 2020: विराट सेना पर भारी पड़े दिल्ली के ये पांच दिलेर, RCB को मिली करारी हार
मार्कस स्टोइनिस:
टीम के ऑलराउंडर मार्कस स्टोइनिस ने टूर्नामेंट का अपना दूसरा महत्वपूर्ण अर्धशतक लगाया। स्टोइनिस ने आरसीबी के खिलाफ पांचवें नंबर पर उतरकर मात्र 26 गेंदों में 53 रनों की नाबाद पारी खेली। इस दौरान उन्होंने छह चौके और दो छक्के भी लगाए। उन्होंने पंत के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 89 रनों की बड़ी साझेदारी भी की।
कागिसो रबाडा:
पिछले मैच में 51 रन लुटाने वाले तेज गेंदबाज कागिसो रबाडा ने जोरदार वापसी की। उन्होंने बैंगलोर के खिलाफ चार विकेट चटकाए। रबाडा ने चार ओवर की गेंदबाजी में मात्र 24 रन दिए और विराट कोहली समेत आरसीबी के मध्यक्रम को ध्वस्त कर दिया।
पृथ्वी शॉ:
दिल्ली के सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ ने एक बार फिर से शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने मात्र 23 गेंदों में 42 रन बनाए और टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। उन्होंने शिखर धवन के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए सात ओवर में 68 रन जोड़े। शॉ ने अपनी पारी के दौरान पांच चौके और दो छक्के भी लगाए।
अक्षर पटेल:
अक्षर पटेल ने अमित मिश्रा की कमी महसूस नहीं होने दी। उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए आरसीबी के दो खिलाड़ियों को अपनी फिरकी में फंसाकर अपना शिकार बनाया। पटेल ने चार ओवर में मात्र 18 रन देकर फिंच और मोईन अली का बड़ा विकेट अपने नाम किया।