इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के सीजन-11 की शुरुआत हो चुकी है। इसका खुमार लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा है। पूरे डेढ़ महीने तक चलने वाले इस सीजन में कई रिकॉर्ड बनेंगे और टूटेंगे भी। इसी बीच सनराइजर्स हैदराबाद टीम के इस स्टार खिलाड़ी ने खुलकर दावा किया है कि वह आईपीएल के इस सीजन में सबसे तेज फिफ्टी जड़ने के रिकॉर्ड को तोड़ देंगे।
क्रिकेट के फटाफट फॉर्मेट में लोगों का एक अलग रोमांच रहता है। गौरतलब कि हाल ही में किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाड़ी केएल राहुल ने आईपीएल इतिहास के सबसे तेज पचासा जड़े थे। उन्होंने 14 गेंदों में 51 रन की आतिशी पारी खेली थी। अब इस खिलाड़ी ने यह चुनौती देकर दूसरे खिलाड़ियों के सनक को और तेज कर दिया है।
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाड़ी मोहम्मद नबी ने पीटीआई से बातचीत में कहा, 'मेरे पास केन विलियमसन के रूप में नया कप्तान हैं। मैं पहले भी हैदराबाद की तरफ से खेल चुका हूं। मेरा लक्ष्य सिर्फ बल्लेबाजी करने पर है। आईपीएल के इस सीजन में सबसे तेज अर्धशतक मारने का रिकॉर्ड बनाएंगे। यदि गेंदबाजी का मौका मिला तो उसमें भी अच्छा प्रदर्शन करेंगे।
सनराइजर्स हैदराबाद ने अपना पहला मुकाबला राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेला था और इस मुकाबले मे सनराइजर्स ने रॉयल्स को 9 विकेट से मात दी थी। हालांकि इस मुकाबले में मोहम्मद नबी बल्लेबाजी के लिए मैदान पर नहीं उतर पाए थे। नबी ने कहा है कि जब कभी भी उन्हें मैदान पर अपने बल्ले से जौहर दिखान का मौका मिलेगा वो बेहतरीन बल्लेबाजी का नजारा पेश करेंगे।
बता दें कि मोहम्मद नबी अफगानिस्तान के ऑल राउंडर खिलाड़ी हैं। वह टी-20 इंटरनेशनल मुकाबले में नबी अफगानिस्तान के लिए सबसे तेज पचासा मारने वाले बल्लेबाज हैं। इसके अलावा बिग बैश लीग (बीबीएल) में भी उन्होंने सबसे तेज अर्धशतक लगाए हैं।