आयरलैंड को चारों खाने चित करने वाली टीम इंडिया का सामना अब इंग्लैड से है। दोनों टीमों के बीच आज तीन मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला खेला जाएगा। बतौर कप्तान विराट कोहली का यह पहला इंग्लैंड दौरा है, ऐसे में वह किसी भी कीमत पर अंग्रेजों की सरजमीं पर जीत का परचम लहरना चाहेंगे।
हालांकि पिछले इंग्लैंड दौरे पर विराट कोहली के खराब प्रदर्शन को देखते हुए यह आसान नहीं लग रहा है। आइए मैनचेस्टर में आज रात 10 बजे से शुरू होने वाले इस मुकाबले में टीम इंडिया की संभावित प्लेइंग इलेवन पर एक नजर डालते हैं।
ओपनर्स
आयरलैंड के खिलाफ दूसरे टी-20 मैच में कप्तान विराट कोहली ने केएल राहुल के साथ मिलकर बल्लेबाजी का आगाज किया था। लेकिन इंग्लैंड जैसी धांसू टीम के खिलाफ टीम इंडिया किसी तरह का खतरा मोल नहीं लेना चाहेगी। आज के मैच में टीम इंडिया अपने दो सबसे विश्वसनीय ओपनर बल्लेबाज शिखर धवन और रोहित शर्मा के साथ पारी का आगाज कर सकती है। इंग्लैंड के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी में दोनों ही बल्लेबाजों ने टीम को बेहतरीन शुरुआत दिलाई थी।
मिडिल ऑर्डर
आईपीएल-11 में किंग्स इलेवन पंजाब के लिए कई यादगार पारियां खेलने वाले केएल राहुल को धवन और रोहित के बाद तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए भेजा जा सकता है। टीम चाहेगी कि राहुल अपनी तूफानी बल्लेबाजी से इंग्लिश गेंदबाजों के तेवर ढीले कर दे। वहीं कप्तान कोहली खुद को चौथे नंबर पर उतार सकते हैं। इसके अलावा बाएं हाथ के अनुभवी बल्लेबाज सुरेश रैना पांचवें नंबर पर आकर मिडिल ऑर्डर बल्लेबाजी को मजबूत बनाने का काम करेंगे।
लोवर मिडल ऑर्डर
टीम इंडिया को विकेटकीपर बल्लेबाज और पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से एक तेज तर्रार पारी की उम्मीद होगी। इसलिए उन्हें लोवर मिडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी करने के लिए छठे स्थान पर उतारा जा सकता है। वहीं डेथ ओवर्स में तेजी से रन बटोरने में माहिर हार्दिक पांड्या को सांतवें नंबर पर भेजा जा सकता है।
पेस अटैक
इंग्लिश टीम की मजबूत बल्लेबाजी का सामना करने के लिए कप्तान विराट कोहली भुवनेश्वर कुमार और उमेश यादव को तेज गेंदबाजी डिपार्टमेंट की जिम्मेदारी सौंप सकते हैं। हाल ही में दोनों ने ही गेंदबाजी में टीम को सधी हुई शुरुआत दिलाते हुए कई सफलताएं दिलाई हैं।