भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मंगलवार को तीन मैचों की वन-डे सीरीज का दूसरा मुकाबला एडिलेड ओवल में खेला जाएगा। फिलहाल, इस सीरीज में ऑस्ट्रेलियाई टीम 1-0 से आगे है। बता दें कि पहले वन-डे में कंगारुओं के हाथों टीम इंडिया को 34 रन से हार का सामना करना पड़ा था। मंगलवार का मुकाबला टीम इंडिया के लिए अहम साबित हो सकती है। आइए जानते हैं कि विराट किन 11 खिलाड़ियों के साथ 'करो या मरो' मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को मात देकर सीरीज में बराबरी करने उतर सकती है?
सीरीज में बराबरी को तैयार 'विराट ब्रिगेड', कंगारुओं के खिलाफ दूसरे वन-डे का संभावित प्लेइंग XI
ओपनर
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वन-डे में टीम इंडिया की तरफ से रोहित शर्मा और शिखर धवन का ओपनिंग करना लगभग तय माना जा रहा है। सिडनी में हिटमैन रोहित शर्मा ने 129 गेंदों में 10 चौके और 6 छक्कों की मदद से 133 रन की तूफानी पारी खेली थी। इसके बावजूद भी टीम इंडिया को हार झेलनी पड़ी। वहीं, धवन का बल्ला पहले मैच में खामोश रहा। वह शून्य पर आउट हुए थे।
मिडिल ऑर्डर
अंबाती रायुडू, दिनेश कार्तिक और कप्तान विराट कोहली मिडिल ऑर्डर की भूमिका अदा कर सकते हैं। पहले मैच में फ्लॉप रहे टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली से दूसरे वन-डे में काफी उम्मीदें रहेंगी। सिडनी में वह केवल 3 रन बनाकर आउट हो गए थे। वहीं, अंबाती रायुडू (0) और कार्तिक ने 12 रन बनाए थे।
ऑलराउंडर/विकेटकीपर
टीम इंडिया की तरफ से केदार जाधव/रविंद्र जडेजा ऑलराउंडर के रूप में नजर आ सकते हैं। जडेजा ने पहले वन-डे में कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाए थे। उन्होंने गेंदबाजी में 8 ओवर में 48 रन देकर 1 विकेट झटके थे, जबकि बल्लेबाजी में वह केवल 8 रन बनाकर आउट हो गए थे। वहीं, करीब डेढ़ महीने बाद ब्लू जर्सी में नजर आ रहे टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने सिडनी में 96 गेंदों में 51 रन की अर्धशतकीय पारी खेली।
गेंदबाज
एडिलेड में भी टीम इंडिया तीन तेज गेंदबाज और दो स्पिनर के साथ मैदान पर उतर सकती है। तेज गेंदबाज की भूमिका में भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद सिराज, और मोहम्मद शमी नजर आ सकते हैं। खलील अहमद को बाहर बैठना पड़ सकता है। पहले मैच में खलील ने ज्यादा रन लुटाए थे। 55 रन देकर उन्होंने एक भी विकेट अपने नाम नहीं कर पाए थे। वहीं, केदार जाधव/रविंद्र जडेजा और चाइनामैन कुलदीप यादव के हाथों स्पिन की जिम्मेदारी हो सकती है।
नोट- महज यह हमारा आकलन भर है, असली प्लेइंग इलेवन का पता तो मैच के दिन ही लगेगा।