भारतीय टीम ने अपनी जीत का सिलसिला जारी रखते हुए इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में विजयी आगाज किया है। मंगलवार को पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए पहले वनडे में टीम इंडिया ने इंग्लैंड को जोरदार पटखनी दी और तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली। विराट सेना ने यहां खेले गए मुकाबले में मेहमान टीम को 42.1 ओवर में ही समेट दिया और 66 रनों से जीत हासिल कर ली। टीम इंडिया की इस जीत में दो डेब्यूटेंट समेत कुल छह खिलाड़ियों ने अहम योगदान दिया। ऐसे में आइए जानते हैं उन सभी मैच के हीरो के बारे में...
डेब्यू मैच में छाए क्रुणाल और कृष्णा, इन छह खिलाड़ियों के दम पर भारत ने जीता पहला वनडे
शिखर धवन:
टीम के अनुभवी सलामी बल्लेबाज शिखर धवन पर टीम प्रबंधन ने पहले वनडे में भरोसा दिखाया और उन्हें मौका दिया। धवन ने भी इस भरोसे को कायम रखते हुए शानदार पारी खेली। धवन ने 106 गेंदों में 98 रन बनाए और इस दौरान उन्होंने 11 चौके और दो छक्के लगाए। धवन टीम की तरफ से सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी भी रहे। धवन को मैन ऑफ द मैच भी दिया गया।
प्रसिद्ध कृष्णा:
भारत की तरफ से इस मैच में डेब्यू करने वाले तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने भी अपनी गेंदबाजी से काफी प्रभावित किया। मैच में उनकी शुरुआत बेहद खराब रही थी और उन्होंने अपने शुरू के तीन ओवर में 37 रन लुटा दिए थे। लेकिन इसके बाद जबरदस्त वापसी की और अगली 31 गेंदों में महज 17 रन देकर चार विकेट चटकाए। कृष्णा ने कुल मिलाकर 8.1 ओवर की गेंदबाजी में 54 रन देकर चार खिलाड़ियों को आउट किया।
क्रुणाल पांड्या:
भारत की तरफ से पहले एकदिवसीय में क्रुणाल पांड्या ने भी अपना वनडे डेब्यू किया। क्रुणाल ने पहले तो बल्लेबाजी में डेब्यू में सबसे तेज अर्धशतक का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया 31 गेंदों में 58 रन बनाए। इसके बाद उन्होंने गेंदबाजी में भी एक विकेट हासिल किया।
शार्दुल ठाकुर:
टीम के तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर ने एक बार फिर से अपनी गेंदबाजी का लोहा मनवाया। उन्होंने इंग्लैंड के मध्यक्रम को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया। शार्दुल ने छह ओवर में 37 रन देकर तीन विकेट चटकाए। इस दौरान उन्होंने जॉनी बेयरस्टो, इयोन मॉर्गन और जोस बटलर जैसे तीन खतरनाक खिलाड़ियों को आउट किया।