ऑस्ट्रेलिया के पूर्व महान तेज गेंदबाज ग्लेन मैक्ग्रा इंग्लैंड की मौजूदा वन-डे टीम से काफी प्रभावित हैं। इंग्लैंड ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया को उसके घर में पांच मैचों की वन-डे सीरीज में 4-1 से पटखनी दी।
इंग्लैंड की तरफ से एक न एक खिलाड़ी ने जिम्मेदारी उठाई और सीरीज के चार मुकाबलों में टीम को विनर बनाया। हालांकि, मैक्ग्रा ने साथ ही इंग्लैंड को आगामी 2019 आईसीसी वर्ल्ड कप खिताब का प्रबल दावेदार भी घोषित कर दिया है।
बेन स्टोक्स के बिना भी इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया में दमदार प्रदर्शन किया। अब स्टोक्स की वापसी हो रही है, जिससे इंग्लैंड के न्यूजीलैंड दौरे के लिए हौसले बुलंद हैं। इंग्लैंड 2015 वर्ल्ड कप के पहले ही दौर में बाहर गया था, जिसके बाद उन्होंने वन-डे क्रिकेट को लेकर अपनी पूरी सोच बदल दी थी।
तीन साल के बाद इंग्लैंड में गजब का परिवर्तन देखने को मिल रहा है और ऑस्ट्रेलिया को उसके घर में मात देना उसका प्रमाण है। बहरहाल, ग्लेन मैक्ग्रा ने डेली मेल में लिखे अपने कॉलम में बताया कि इंग्लैंड की टीम अगले साल वर्ल्ड कप खिताब की प्रबल दावेदार है।
मैक्ग्रा ने लिखा, 'मैंने इंग्लैंड क्रिकेट में गजब का बदलाव देखा है। आप उन्हें आगामी वर्ल्ड कप में खिताब का प्रबल दावेदार मान सकते हैं। इंग्लैंड ने पिछले 22 वन-डे में से 19 मुकाबले जीते हैं और अगर वह इसी लय को जारी रखते हैं तो उन्हें हराना मुश्किल होगा। वर्ल्ड कप इंग्लैंड की घरेलू जमीन पर होगा, जिसका उसे डबल फायदा मिलेगा।'