इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में विराट कोहली के नेतृत्व वाली रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने अब तक कोई सीजन नहीं जीता है। हालांकि टीम में हर बार कई ऐसे खिलाड़ी शामिल किए जाते हैं, जिनका क्रिकेट जगत में बड़ा नाम है। इसी को ध्यान में रखते हुए अब आरसीबी की फ्रैंचाइजी ने टीम को नया कोच देने का मन बना लिया है।
आरसीबी की फ्रैंचाइजी ने आईपीएल के आगामी संस्करण के लिए दक्षिण अफ्रीका के पूर्व सलामी बल्लेबाज गैरी कस्टर्न को टीम का हेड कोच और मेंटर नियुक्त किया है। इससे पहले न्यूजीलैंड के पूर्व खिलाड़ी डेनियल विटोरी इस टीम के मुख्य कोच थे।
बता दें कि गैरी कर्स्टन को कोचिंग का भी काफी अच्छा अनुभव है। कर्स्टन के नेतृत्व में ही टीम इंडिया ने साल 2011 में विश्व कप खिताब अपने नाम किया था। कर्स्टन आरसीबी फ्रेंचाइजी के साथ 2018 सीजन में बतौर बैटिंग कोच जुड़े थे। हालांकि इस सीजन में विराट कोहली की टीम कुछ खास नहीं कर पाई थी।
कर्स्टन ने कहा, ‘पिछले साल मैंने डेनियल विटोरी के साथ काम किया और मुझे काफी अच्छा लगा। मैं आरसीबी के लिए अच्छा करना चाहूंगा। मैं टीम को आगे के लिए शुभकामनाएं देना चाहता हूं। आरसीबी में कोच के तौर पर रहते हुए मुझे काफी मजा आया।’
गौरतलब है कि पिछले आईपीएल के पिछले 11 सीजन में खिताब जीतने में नाकामयाब रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने हाल में टीम के मुख्य कोच डेनियल विटोरी समेत गेंदबाजी कोच एंड्रयू मैकडॉनल्ड और फील्डिंग कोच ट्रेंट वुडहिल को पद से हटा दिया था। इसके बाद से यह अटकलें लगाई जा रही थीं कि कर्स्टन को ही टीम का मुख्य कोच बनाया जाएगा।
आरसीबी का मुख्य को नियुक्त होने के बाद कर्स्टन ने कहा, 'मैं टीम मैनेजमेंट को धन्यवाद देना चाहता हूं जिन्होंने मुझे लीडरशिप के लायक समझा।' भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज आशीष नेहरा को आरसीबी ने पिछले सीजन में गेंदबाजी मेंटर नियुक्त किया था जो अपने पद पर बरकरार रहेंगे।