इंग्लैंड के ओपनर बल्लेबाज एलिस्टर कुक ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने का फैसला कर लिया है। कुक ने साउथम्पटन में खेले गए चौथे टेस्ट के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी। वह टीम इंडिया के खिलाफ ओवल में होने वाले अंतिम व पांचवे टेस्ट के बाद क्रिकेट से संन्यास ले लेंगे।
इंग्लैंड के ओपनर बल्लेबाज कुक ने संन्यास की घोषणा के बारे में जब अपने साथियों को बताया तो वह काफी भावुक हो गए थे। कुक के क्रिकेट को अलविदा कहने का दुख उनकी आंखों में साफ छलक रहा था। वह रोने भी लगे थे। हालांकि वह काफी लंबे समय से संन्यास के बारे में सोच रहे थे।
ओवल टेस्ट उनका 161 टेस्ट मैच होगा। एलिस्टर कुक ने कहा, 'पिछले कुछ महीनों में काफी सोच विचार के बाद मैंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया है। मुझे लगता है कि अब मैं मानसिक फुर्ती खो चुका हूं और इस बार इससे लड़कर मेरे लिए वापसी करना काफी कठिन है इसलिए मैंने संन्यास लेने का फैसला कर लिया है।'
कुक ने कहा, 'अपने संन्यास के बारे में साथी खिलाड़ियों को बताते वक्त मेरे पास बीयर का अच्छा खासा स्टॉक था। अगर वो न होती तो शायद मैं और भी ज्यादा रोता। मेरे संन्यास की घोषणा सुनकर सभी चौंककर शांत हो गए थे। हालांकि तभी मोइन अली ने कुछ ऐसी बात कही कि सब मुस्कुराने लगे।'
बता दें कि कुक ने अंतरराष्ट्रीय टेस्ट क्रिकेट में 12254 रन बनाए हैं। इसी के साथ टेस्ट क्रिकेट में सचिन तेंदुलकर के सर्वाधिक रनों का रिकॉर्ड भी सुरक्षित हो गया है। कुक सचिन का रिकॉर्ड तोड़ने के सबसे करीब थे। वह इंग्लैंड की तरफ से सर्वाधिक टेस्ट मैच (160) खेलने वाले प्लेयर हैं। कुक ने अपने सभी रिकॉर्ड्स के बारे में बोलते हुए कहा, 'मैं कभी भी प्रतिभाशाली क्रिकेटर नहीं रहा, ये सब मैंने सिर्फ अपने क्षमता के दम पर हासिल किया है।'