वेस्टइंडीज के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया ने युवा क्रिकेटरों पर भरोसा जताया है। विराट कोहली के नेतृत्व वाली टीम इंडिया में पृथ्वी शॉ, मयंक अगरवाल और मोहम्मद सिराज को मौका है, जिन्होंने हाल ही में घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है। टीम इंडिया के उप-कप्तान अजिंक्य रहाणे का मानना है कि वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज तीन क्रिकेटरों के लिए वरदान साबित हो सकती है। उन्होंने साथ ही कहा कि युवाओं पर किसी प्रकार का दबाव नहीं है और उन्हें खुलकर अपने आप को अभिव्यक्त करने की आजादी है।
रहाणे ने कहा, 'वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज में पृथ्वी, मयंक और सिराज जैसे युवाओं के पास अपने आप को साबित करने का बेहतरीन मौका है। इन तीनों ने ही घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है। इन पर किसी प्रकार का दबाव नहीं है। उन्हें मैदान पर अपने आप को अभिव्यक्त करने की पूरी आजादी है। वह मैदान पर जाकर अपना सर्वश्रेष्ठ दें और स्थिति का आनंद उठाएं।'
टेस्ट सीरीज से पहले टीम इंडिया की क्या रणनीति होगी? इस पर रहाणे ने कहा कि उनकी टीम का ध्यान अपने मजबूत पक्ष पर ध्यान देने का रहेगा और वह वेस्टइंडीज को कमजोर मानकर नहीं खेलेंगे। उप-कप्तान ने कहा, 'हम वेस्टइंडीज को हल्के में नहीं ले सकते। हम अपनी सकारात्मकताओं पर ध्यान देकर प्रदर्शन में सुधार करेंगे। एक टीम के रूप में जरूरी है कि हम अपना खेल सुधारें।'
रहाणे मुंबई के अपने साथी पृथ्वी शॉ के टीम में चयन से काफी खुश हैं। उन्होंने कहा कि शॉ के लिए काफी खुश हूं और उम्मीद है कि मौका मिलने पर वह बेहतरीन प्रदर्शन करेगा। बकौल रहाणे, 'पृथ्वी शॉ के लिए मैं बहुत खुश हूं। वह आक्रामक ओपनर है। उसने मुंबई के लिए निरंतर अच्छा प्रदर्शन किया। मैं उसे शुभकामनाएं देता हूं। मुझे उम्मीद है कि वह लगातार बेहतर प्रदर्शन करेगा।'
बता दें कि भारत और वेस्टइंडीज के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला टेस्ट गुरुवार से राजकोट में शुरू होगा। दोनों टीमों के बीच सीरीज का दूसरा व अंतिम टेस्ट 12 अक्टूबर से हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जाएगा।