फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Columns ›   Blog ›   coronavirus covid 19 home stay environment old memories stucking in mind journalist reporter lifestyle

कोरोना डायरी: खो गई नोटबुक का दर्द...जिनके साथ दफ्न हो गई ढेरों कहानियां

Sun, 19 Apr 2020 12:31 PM IST
Umesh Chaturvedi उमेश चतुर्वेदी
Updated Sun, 19 Apr 2020 12:31 PM IST
विज्ञापन
coronavirus covid 19 home stay environment old memories stucking in mind journalist reporter lifestyle
रिपोर्टर की नोटबुक

कोरोना की घरबंदी छुट्टी बनकर आई भी तो वह ऐसा विराम नहीं बन पाई, जो मन को तरोताजा कर दे। अनागत आफत की ड्राइंग रूम से लेकर शयनकक्ष तक लगातार होती बारिश ने नकारात्मक बोध को ही बढ़ाया है। भला हो रामायण और महाभारत जैसे पुराने दिनों के कुछ धारावाहिकों का, जिन्होंने खालीपन के उदास और हताश मनों को कुछ सहारा दे दिया, लेकिन मर्यादा पुरूषोत्तम राम के गंभीर व्यक्तित्व और नटवरनागर नंदलाल की कूटनीति भी भला कितने देर तक बांध पाती। मन अतीत के अंधेरे कोनों में लगातार प्रकाश की तलाश करता रहा।

विज्ञापन

इस तलाश में पता नहीं कितनी भूली बातें याद आईं। पता नहीं कितने स्मित प्रसंग मन-गह्वर में टहल आए। ना जाने कितनी तनहाइयां भी एक बार फिर उदासियों का सबब बन गईं। इन्हीं उदासियों में से रही रिपोर्टर की नोट बुकों का खो जाना।

विज्ञापन

सवाल उठ सकता है कि आखिर रिपोर्टर की नोटबुक की भला कैसे याद आ गई?  शायद ही कोई पत्रकार होगा, जिसके अंदर एक रिपोर्टर ना बैठा हो। 

विज्ञापन
विज्ञापन


रिपोर्टर करता क्या है...वह घटनाओं, दुर्घटनाओं का साक्षी बनता है। उसका काम यहीं नहीं थम पाता। घटनाओं-दुर्घटनाओं के पीछे छुपी कहानियों को खोजना, फिर उन्हें पाठकों-दर्शकों के सामने इस तरतीब से पेश करना कि वे उन्हें दर्द में डूबो दे।

गुस्से से भर दें या फिर प्रहसन का भागीदार बना दें, अच्छे रिपोर्टर की खूबी होती है। 

रिपोर्टर का हथियार होती है उसकी नोटबुक...

coronavirus covid 19 home stay environment old memories stucking in mind journalist reporter lifestyle
रिपोर्टर जानकारियों को अपनी नोटबुक में रखता है - फोटो : pix

रिपोर्टर का हथियार होती है उसकी नोटबुक। रिपोर्टर का कार्यक्षेत्र कहिए या युद्धक्षेत्र, वहां से वह रोजाना जानकारियां जुटाता है और उन जानकारियों को सूत्र वाक्य में अपनी नोटबुक में रखता जाता है।

उचित वक्त और दिन के लिए। जब नोटबुक में सूत्रवाक्य में दर्ज कहानियां पत्रकार की कलम के सहारे मूर्त रूप लें सकें। सूत्र वाक्य में दर्ज घटनाएं और कहानियां नोटबुक के खुलते ही रिपोर्टर के दिमाग को चौकस कर देती हैं और फिर जन्म लेती हैं कभी दिल छू लेनी वाली कहानी तो कभी चौंकाने वाली रिपोर्ट।

लेकिन सोचिए वह नोटबुक ही खो जाए।

उसका खो जाना रिपोर्टर के हाथ से अचानक निकल गए खजाने की भांति होता है।

कोरोना काल में पुराने दस्तावेजों को झाड़ते-पोंछते वक्त पता चला कि इन पंक्तियों के लेखक के ऐसे ही तीन नोटबुक खो गए हैं। जिनमें दर्ज कई कहानियां बिना दुनिया देखे ही काल के गर्त में समा गईं। साल 2001 में गुजरात में भयानक सूखा पड़ा था। उस अकाल की रिपोर्टिंग के लिए दैनिक भास्कर अखबार की ओर से इन पंक्तियों के लेखक को कच्छ भेजा गया था। कच्छ की एक हफ्ते की यात्रा के दौरान नोटबुक में पचासों कहानियां सूत्र वाक्य में दर्ज हुईं। जिनमें दौरे किए गए गांवों के ब्योरे थे, करगिल युद्ध के बाद पाकिस्तान से लगे सरक्रीक के नजदीक तत्कालीन कांग्रेस नेता राजेश पायलट के पाकिस्तान विरोधी प्रदर्शन की स्थानीय लोगों की जुबानी कहानी हो, या फिर कच्छ के यायावर माधव जोशी के साथ गुजारे तीन दिन हों या फिर महान समाजवादी नेता जॉर्ज फर्नांडिस के साथी रहे स्वर्गीय दीपक मयपानी के अनुभव रहे हों।
 

रिपोर्टर की हर यात्रा कहानियों से भरी होती है....

coronavirus covid 19 home stay environment old memories stucking in mind journalist reporter lifestyle
अकाल की कहानियां तो अखबार के पन्नों पर छप गई... - फोटो : newspaper

या मुंबई स्थित कच्छ समाज के कच्छ में चलाए जा रहे जन सहयोगी अभियानों का विवरण हो या फिर एक दौर में गुजरात का प्रमुख बंदरगाह रहे लखपत के किला स्थित नगर की वहां के फटेहाल-पैबंद लगे कपड़ा पहने गोपाल जोशी के पोपले मुंह और आंसू भरी आंखों से निकली कहानी हो, लखपत किला स्थित मजार और मंदिर की कहानी हो या फिर गुरुनानक देव की खड़ाऊं और दांत संभाले जीर्ण गुरूद्वारे में बैठे ग्रंथियों की पुकार हो।

सब दर्ज थीं...

सिंधु घाटी सभ्यता के दौर की सभ्यता की गवाह कच्छ स्थित धौलावीरा के शंभू की कहानी हो, कच्छ में बनते नमक की कहानी और रेह के ढेर की कलात्मकता।

ना जाने ऐसी कितनी ही कहानियां उस नोट बुक में दर्ज थीं। अकाल की कहानियां तो अखबार के पन्नों पर छप गई, लेकिन कुछ गहरे तक बोध कराने वाली ये कहानियां उस नोटबुक में दर्ज ही रह गईं। तरतीबवार रूप में दुनिया का प्रकाश देखे बिना ही ऐसे अनजान कब्र में खो गईं, जहां से उन्हें वापस किसी भी कीमत पर हासिल नहीं किया जा सकता। रिपोर्टर की रूटीन के इतर की हर यात्रा ऐसी कहानियों से भरी होती हैं।

साल 2017 के अप्रैल महीने में पश्चिम बंगाल के उत्तरी 24 परगना जिले की यात्रा का मौका मिला। इस यात्रा के दौरान भी ढेरों कहानियां नोटबुक में दर्ज हुईं।

उत्तरी चौबीस परगना जिले के आर्सेनिक प्रभावित गांवों की पानी जुटाने की कहानियां, महिलाओं के दर्द, बनगांव के नजदीक स्थित पेट्रापोले-बेनापोले चेकपोस्ट पर जरूरी दस्तावेज चेक कराने के लिए रूकी बांग्लादेश से आ रही मालगाड़ी के ड्राइवर का अनुभव, शाम को होने वाली बीटिंग रिट्रीट के ब्योरे, बांग्लादेश बॉर्डर गार्ड की महिला सिपाहियों के पैरों में पड़े सतही जूते, बनगांव के नजदीक स्थित इस्कॉन मंदिर के जरिए चल रहे अभियान आदि की दर्जनों कहानियां भी उस नोटबुक में दर्ज थीं।
 

एक अध्यापिका का दर्द भी उसी नोट बुक में कहीं खो गया...

coronavirus covid 19 home stay environment old memories stucking in mind journalist reporter lifestyle
माटी का मोह परगना जिले की मास्टरी के लिए पकड़ लाया

राष्ट्रीय राजमार्ग 31 पर स्थित एक प्राइमरी स्कूल और उसकी हिंदी बोलने वाली एक मात्र अध्यापिका का भी दर्द भी उसी नोट बुक में कहीं खो गया, जो अब शायद ही कभी दुनिया के सामने आ पाए।

अध्यापिका का दर्द यह था कि नौसैनिक पिता के साथ मुंबई, विशाखापत्तनम और ऐसी ही जगहों पर पढ़ी, चमकदार मुंबई के किसी केंद्रीय विद्यालय में नौकरी भी पा गई, लेकिन माटी का मोह ससुराल के पास उत्तर चौबीस परगना जिले की मास्टरी के लिए पकड़ लाया। लेकिन यहां आकर उसे लगा कि ना तो वह पढ़ा पा रही है, ना ही अपनी माटी की सेवा कर पा रही है। उल्टे वह तृणमूल कार्यकर्ताओं के चक्कर में तृणमूल की वैसी ही सेवक बन गई है, जैसे कम्युनिस्ट राज के दौरान कम्युनिस्ट कार्यकर्ताओं की सेवा के लिए पश्चिम बंगाल के सरकारी कर्मचारी मजबूर थे।

इसी नोटबुक में दर्ज थी मिदिनापुर के किसानों की खुशहाली की कहानियां, उत्तर चौबीस परगना जिले के मधुसूदन कांटी गांव के स्थानीय लेकिन जिला प्रसिद्ध कवि की कहानी। सब कहीं डूब गया...

इन नोटबुकों को खोने का दर्द रिपोर्टर ही जान सकता है...

coronavirus covid 19 home stay environment old memories stucking in mind journalist reporter lifestyle
जिस बैग में वह नोटबुक रखी थी वो कहीं गुम हो गया

कोरोना के चक्रव्यूह काल के हताशा और उदासीभरे दिन में इंदौर की जुलाई 2011 की यात्रा के दौरान हिंदी और पत्रकारिता पर जुटाई जानकारियों वाली नोटबुक भी बहुत याद आई। जो इंदौर से लौटते वक्त कहीं खो गई।

शायद जिस बैग में वह नोटबुक रखी थी, वही कहीं गुम हो गया। पश्चिम बंगाल की यात्रा के दौरान ही पश्चिम बंगाल वाली नोटबुक भी कहीं खो गई। शायद एक दोस्त वहां की बीटिंग रिट्रीट देखने के कुछ देर बाद बीमार हो गए थे, उनके लिए दवा खोजने के क्रम में फैली बदहवासी ने उस नोटबुक की बलि ले ली।

आप कह सकते हैं कि इन नोटबुकों में आखिर ऐसा क्या था कि आप इतने परेशान हों, लेकिन यह दर्द रिपोर्टर ही जान सकता है। क्योंकि उसके लिए उसके नोट कारूं का खजाना ही होते हैं, जिन्हें कई बार तह करके रख दिया जाता है और उचित मौकों पर निकालकर उनमें दर्ज कहानियों को सिलसिलेवार निकालता है।

उन कहानियों से कभी आंसुओं की धार बहाता है तो कई बार चौंकाता है। कई बार इतिहास बदलने की कोशिश करता है। पता नहीं इतिहास बदल पाता है या नहीं, लेकिन यह तय है कि इन नोटबुकों के सहारे वह इतिहास में दर्ज जरूर हो जाता है।

डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed