बजट 2021 में सरकार ने सोने और चांदी पर आयात शुल्क में कटौती की घोषणा की है। इस कदम से घरेलू बाजार में इन मूल्यवान धातुओं की कीमतों को नीचे लाने में मदद मिलेगी तथा रत्न एवं आभूषण निर्यात को बढ़ावा मिलेगा। सरकार की ओर से जनता को सस्ती दरों पर सोना खरीदने का भी मौका मिला है। निवेशक सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड (Sovereign Gold Bond) योजना के तहत बाजार मूल्य से काफी कम दाम में सोना खरीद सकते हैं। यह योजना सिर्फ पांच दिन के लिए (1 फरवरी से 5 फरवरी तक) खुली है। यानी आज इसका आखिरी दिन है। इसलिए अगर आप इस योजना का लाभ उठाना चाहते हैं, तो देर ना करें। इसकी बिक्री पर होने वाले लाभ पर आयकर नियमों के तहत छूट के साथ और कई लाभ मिलेंगे।
आज खत्म हो जाएगी ये सरकारी योजना, सस्ता सोना, ब्याज का मुनाफा और टैक्स छूट का आखिरी मौका
सस्ते में सोना खरीदने का आखिरी दिन आज
योजना के तहत निवेश करने की अवधि 1 फरवरी 2021 से शुरू हुई थी। 5 फरवरी 2021 तक यह योजना खुली है। सरकार की ओर से योजना में निवेश के लिए पांच दिन तक का समय दिया गया है। सरकार की ओर से गोल्ड बॉन्ड में निवेश के लिए यह वित्त वर्ष 2020-21 की 11वीं श्रृंखला है। पहली श्रृंखला 20 अप्रैल 2020 से शुरू होकर 24 अप्रैल 2020 को समाप्त हुई थी।
इतनी है सोने की कीमत
योजना के तहत आप 4912 रुपये प्रति ग्राम पर सोना खरीद सकते हैं। यानी अगर आप 10 ग्राम सोने खरीदते है तो उसकी कीमत 49120 रुपये बैठती है और गोल्ड बॉन्ड की खरीद ऑनलाइन तरीके से की जाती है तो सरकार ऐसे निवेशकों को 50 रुपये प्रति ग्राम की अतिरिक्त छूट देती है। इसमें आवेदनों के लिए भुगतान 'डिजिटल मोड' के माध्यम से किया जाना है।
आगे जानते हैं आप कहां से निवेश कर सकते हैं।
होगा इतना फायदा
यानी ऑनलाइन सोना खरीदने पर निवेशकों को प्रति ग्राम सोना 4862 रुपये का पड़ेगा। ऐसे में आपको 48620 रुपये में 10 ग्राम सोना मिल जाएगा।
यहां से कर सकते हैं निवेश
स्वर्ण बॉन्ड बैंकों, स्टॉक होल्डिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (एसएचसीआईएल), नामित डाकघरों और मान्यता प्राप्त स्टॉक एक्सचेंजों (एनएसई और बीएसई) के माध्यम से बेचा जाएगा। सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड योजना नवंबर 2015 में शुरू की गई थी, जिसका उद्देश्य सोने की हाजिर मांग को कम करना था और सोने की खरीद के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले घरेलू बचत के एक हिस्से को वित्तीय बचत में तब्दील करने के लिए किया गया था।
अगली स्लाइड में जानते हैं इसके तहत आपको कितना ब्याज मिलेगा।
इतना मिलेगा ब्याज
गोल्ड बॉन्ड की परिपक्वता अवधि आठ साल की होती है और इस पर सालाना 2.5 फीसदी का ब्याज मिलता है। बॉन्ड पर मिलने वाला ब्याज निवेशक के टैक्स स्लैब के अनुरूप कर योग्य होता है, लेकिन इस पर स्रोत पर कर कटौती (टीडीएस) नहीं होती है।
इतना होना चाहिए न्यूनतम निवेश
बॉन्ड का अंकित मूल्य 999 शुद्धता वाले सोने के लिए पिछले तीन कामकाजी दिवसों में साधारण औसत बंद भाव (इंडिया बुलियन एंड जूलर्स एसोसिशन द्वारा प्रकाशित) मूल्य पर आधारित है। न्यूनतम स्वीकार्य निवेश एक ग्राम सोना और अधिकतम चार किलो प्रति व्यक्ति है। हिंदु अविभाजित परिवार के लिए भी निवेशक की अधिकतम सीमा चार किलो है। न्यास और उस तरह की इकाइयों के लिए यह 20 किलो है।