फेस्टिव सीजन में अगर आप देश-विदेश घूमने का प्लान बना रहे हैं तो फिर देश की चार प्रमुख एयरलाइंस कंपनियों ने ऑफर निकाल रखा है। इन ऑफर के तहत आप सस्ते में यात्रा कर सकते हैं। इसके तहत कंपनियां 999 रुपये में देश के अंदर और 1399 रुपये में विदेश यात्रा की स्कीम लेकर के आई हैं। जिन कंपनियों ने ऑफर निकाला हुआ है उनमें जेट एयरवेज, एयर एशिया, गोएयर और इंडिगो शामिल हैं।
इंडिगो पर 600 रुपये का कैशबैक
देश की सबसे बड़ी लो कॉस्ट एयरलाइन कंपनी इंडिगो 999 रुपये में टिकट बुक कराने का ऑफर दे रही है। कंपनी इस ऑफर के तहत 10 लाख टिकटों की बिक्री करेगी। वहीं अगर ग्राहक मोबिक्विक वॉलेट से भुगतान करते हैं तो फिर उन्हें 600 रुपये तक का कैशबैक मिलेगा। कंपनी की सेल 3 सितंबर को शुरू हुई है और 6 सितंबर आखिरी तारीख है। वहीं यात्री 18 सितंबर 2018 से 30 मार्च 2019 तक यात्रा कर सकते हैं।
जेट एयरवेज दे रहा है यह ऑफर
घाटे से जूझ रही देश की एक प्रमुख एयरलाइन कंपनी जेट एयरवेज ने भी इस सीजन को भुनाने के लिए ऑफर निकाला हुआ है। कंपनी 25 लाख सीटों पर एक तिहाई कम दाम में बुकिंग कर रही है। यह ऑफर देश-विदेश की सभी उड़ानों पर मान्य होगा। 4 सितंबर को शुरू हुए इस ऑफर के तहत यात्री सभी माध्यमों से 7 सितंबर तक और कंपनी की वेबसाइट व एप से 9 सितंबर तक बुकिंग कर सकेंगे। वहीं यात्री 10 सितंबर के बाद यात्रा कर सकते हैं।
गो एयर पर 1099 रुपये में सफर
एक और लो कॉस्ट एयरलाइन कंपनी गो एयर ने भी इसी तरह का ऑफर निकाल रखा है। कंपनी 1099 रुपये में आपको सफर करने का मौका दे रही है। इसके लिए लोग 5 सितंबर तक टिकट की बुकिंग करा सकते हैं। इस बुकिंग के बाद सितंबर 2018 से लेकर के 31 मार्च तक यात्रा की जा सकती है।
1399 रुपये में करें विदेश यात्रा
विश्व की प्रसिद्ध लो कॉस्ट एयरलाइंस एयर एशिया भी 1399 रुपये में विदेश घूमने का मौका दे रही है। कंपनी इसके साथ ही 999 रुपये में घरेलू उड़ानों पर यात्रा करने का मौका दे रही है। इसके लिए 8 सितंबर तक टिकट की बुकिंग करा सकते हैं। घरेलू स्थानों में बंगलूरू, नई दिल्ली, कोलकाता, कोच्चि, गोवा, जयपुर, चंडीगढ़, पुणे, गुवाहाटी, इंफाल, विशाखापट्नम, हैदराबाद, श्रीनगर, बागडोगरा, रांची, भुवनेश्वर, नागपुर, इंदौर, सूरत, अमृतसर और चेन्नई शामिल है। विदेश यात्रा के लिए कुआलालंपुर, बैंकॉक, क्राबी, सिडनी, ऑकलैंड, मेलबर्न, सिंगापुर, बाली आदि स्थानों के टिकट बुक हो सकते हैं।