मोदी सरकार इस बार इनकम टैक्स देने वालों को प्रोत्साहित करने के लिए एक नई योजना लेकर आई है। जिसके तहत जो भी सबसे ज्यादा टैक्स चुकाएगा, उसे पीएम मोदी के साथ चाय पीने का अवसर मिलेगा। आइए जानते हैं इस पूरी योजना के बारे में।
लाइवमिंट की रिपोर्ट के अनुसार, सिर्फ पीएम मोदी के साथ ही नहीं, सबसे ज्यादा टैक्स का भुगतान करने वालों को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के साथ भी चाय पीने का अवसर मिल सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ 'चाय पर चर्चा' का मौका पाने के लिए टैक्सपेयर्स ज्यादा टैक्स देने के लिए प्रोत्साहित होंगे। दरअसल सरकार का इनकम टैक्स कलेक्शन बढ़ाने का लक्ष्य है।
सरकार की योजना टैक्स सिस्टम को ज्यादा प्रगतिशील बनाना है। इस योजना की घोषणा सरकार जुलाई में पेश होने वाले बजट में कर सकती है। मौजूदा समय में जो भी सबसे ज्यादा टैक्स का भुगतान करता है, उन्हें सरकार की ओर से एप्रिसिएशन सर्टिफिकेट मिलता है। टैक्सपेयर्स को चाय के लिए आमंत्रित करने की योजना एक दम नई है।
दरअसल सरकार ज्यादा से ज्यादा योजनाएं लाना चाहती है, जिसके लिए फंड की जरूरत होगी। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों तक लाभ पहुंचाने की घोषणा सरकार पहले ही कर चुकी है। बढ़ते सरकारी खर्च को ध्यान में रखते हुए सरकार लोगों को टैक्स भरने के लिए प्रोत्साहित करना चाहती है, जिसके लिए ये कदम जल्द उठाया जा सकता है।
बता दें कि वित्त वर्ष 2018-19 के दौरान ऑनलाइन आयकर भरने वाले लोगों की संख्या में भारी गिरावट हुई थी। आयकर विभाग की वेबसाइट के अनुसार साल 2018-19 में ऑनलाइन आयकर भरने वालों की संख्या में 6.6 लाख से भी अधिक की गिरावट आई थी।