नीदरलैंड जैसे खूबसूरत देश में होने वाली सबसे बड़ी परेड होती है ‘फूलों की परेड’, जिसे 'ब्लोमन्कोर्सो बोलेनस्ट्रीक' कहा जाता है। यह आयोजन हर वर्ष अप्रैल में होता है। 12 घंटे की इस परेड (40 किमी) की मेजबानी दक्षिण हॉलैंड करता है, जो शनिवार को नॉर्डविजक से शुरू होती है और हार्लेम शहर में समाप्त होती है। बच्चे, बूढ़े सभी मार्च महीना खत्म होते ही इस परेड की तैयारी में लग जाते हैं। तरह-तरह के फूलों से शहर चारों तरफ से खूबसूरत लगता है।
द्वितीय विश्व युद्ध के बाद, इस परेड की शुरुआत 1940 के दशक के अंत में हुई थी। विश्व युद्ध खत्म होने के बाद लोगों को आपस में मिलने की जरूरत महसूस हुई। इस वजह से शहर में कई सारी परेड्स होने लगीं। उन्हीं परेडों में से एक परेड थी 'ब्लोमन्कोर्सो बोलेनस्ट्रीक',
इस परेड में लोग हाथों में फूलों की मालाएं, गुलदस्ते लेकर चलने लगे। पीछे बड़े-बड़े ट्रकों को फूलों से सजाया जाता था और एक लोकल बैंड मधुर धुनें बजाता हुआ आगे रहता था। फूलों से कई बड़ी प्रतिमाएं बनती थीं। आपस में एक-दूसरे को फूल भेंट करते थे। आपसी मेल-जोल बढ़ाने का यह एक अच्छा विकल्प बन गया था।
बल्ब क्षेत्र, जो सुंदर ट्यूलिप फूलों के लिए मशहूर है, की पहली फूल परेड वर्ष 1947 में की गई थी। तब विलेम हार्फेनहोवेन जो कि हिलेगॉम से थे, उन्होंने एक व्हेल के आकार में पहली बड़ी फ्लोट का निर्माण किया था। तब से आज तक दक्षिण हॉलैंड में लोग इसी तरह फूलों से 40 कलोमीटर तक की लंबी यात्रा करते हैं। यह क्षेत्र की प्रत्याशित वसंत के त्योहारों में से एक है।
बोलेनस्ट्रीक एकमात्र ऐसी परेड है, जो बल्ब फूलों जैसे ह्यासिंथ्स, ट्यूलिप और डैफोडील्स जैसे फूलों से सुसज्जित होती है। इस खूबसूरत परेड में शामिल सजावटी और सुगंधित संरचनाओं को देखने के लिए हर साल सैकड़ों हजारों लोग जुटते हैं।