शादी को अभी कुछ ही दिन बीते थे कि सेना में तैनात एक मुस्लिम युवक अपनी पत्नी को दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगा। पत्नी ने और दहेज लाने से मना कर दिया तो उसने अपनी पत्नी का वो हश्र किया जिसके बारे में जानकर आपको भी ताज्जुब होगा।
फौजी ने अपनी पत्नी को जब दहेज के लिए दबाव डाला तो उसने मना कर दिया इस पर महिला को मारपीटकर घर से निकाल दिया गया। इसके बाद जब महिला ने घर खर्च मांगा तो फौजी ने डाक के माध्यम से पत्नी को ऐसी बात लिख भेजी जिससे उसकी दुनिया एक पल में उजड़ गई। मानों उसके पैरों तले जमीन खिसक गई हो।
दरअसल, फौजी ने अपनी पत्नी को घरखर्च मांगने पर तलाकनामा भेज दिया। फौजी ने पत्र में लिखा अब तलाक समझना, अपने पास नहीं रखूंगा। हालांकि पीड़ित महिला को यह तलाकनामा स्वीकार्य नहीं है। इसके लिए महिला ने कानून का सहारा लिया है। महिला ने इस संबंध में भिवानी पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी जिसके बाद एसपी के आदेश पर शहर थाना पुलिस ने महिला के बयान पर आरोपित पति सहित ससुराल पक्ष के 13 व्यक्तियों पर दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक भिवानी के तोशाम बाईपास की डाबर कॉलोनी निवासी ईद मोहम्मद ने अपनी बेटी मोना की शादी 17 दिसंबर 2015 को गांव राजगढ़ जुलाना जींद निवासी फौजी मनदीप के साथ की थी। मोना ने आरोप लगाया कि शादी के चंद दिन बाद ही उसके पति ने गाड़ी की मांग की। यह मांग पूरी न करने पर उसे तंग किया जाने लगा। आए दिन उसके साथ मारपीट की जाने लगी।
मोना ने आरोप लगाया कि उसने अपने पति मनदीप से घर चलाने के लिए खर्चा मांगा तो उसने खर्चा भेजने के बदले में उसे एक कागज पर तलाक-तलाक-तलाक लिखकर भेज दिया। शादी के बाद से वह करीब दो साल तीन माह से अपने मायके में रह रही है। पीड़िता को अपना घरखर्च चलाना मुश्किल हो रहा था जिसके लिए उसने पति से मांग की तो उसे यह जवाब मिला। वहीं पीड़िता ने शिकायत में भी घर बसाने की गुहार लगाई है।