पिछले दिनों खबर आई थी कि गर्लफ्रेंड से माफी मांगने के लिए मुबई में एक शख्स ने 300 बैनर लगाए। अब उस आशिक से 10 कदम आगे निकलते हुए कोलकाता में एक शख्स ने अपने प्यार का इजहार करने के लिए चार हजार पोस्टर्स चिपका दिए। यही नहीं, उसने एक शॉर्ट फिल्म भी बनाकर यूट्यूब पर शेयर किया है।
ट्रेन में मिली लड़की से हुआ प्यार, इजहार करने के लिए शहर में चिपका दिए 4000 पोस्टर
कोलकाता के रहने वाले 29 वर्षीय बिस्वजीत पोद्दार राज्य सरकार के एक विभाग में बतौर क्लर्क काम करते हैं। जिस लड़की से इन्हें प्यार हुआ है उससे उनकी मुलाकात पिछले महीने ट्रेन सफर के दौरान हुई। दिलचस्प बात यह है कि जिस लड़की से वह अपने प्यार का इजहार कर रहे हैं उसका ना तो नाम जानते हैं ना ही पता। वह उस लड़की से मिलने के लिए इतने बेचैन हैं कि अक्सर वही टीशर्ट पहनकर उस स्टेशन पर जाते हैं जो उस दिन पहनी थी जब उस लड़की से मिले थे।
बिस्वजीत ने बताया कि दूसरी मुलाकात के बाद लड़की सहज हो गई और कभी-कभार उन्हें देखकर मुस्कुरा रही थी। उसने अपना फोन नंबर देने की भी कोशिश की मगर माता-पिता के पास बैठे होने की वजह से ऐसा कर नहीं पाई। अब उस लड़की को ढूंढ़ने के लिए बिस्वजीत ने कोन्नगर से लेकर बाली तक के रास्ते में कुल 4000 पोस्टर लगाए हैं। उसमें उन्होंने अपना नाम, पता और फोन नंबर भी लिखा ताकि जब भी वह लड़की उन पोस्टर्स को देखे, फौरन उनसे कॉन्टैक्ट कर सके।