केरल बाढ़ की चपेट में है। राज्य और केंद्र सरकार के अलावा सेलिब्रिटीज, सेना, गैरी सरकारी संस्थान और आम लोग राहत और बचाव कार्य जुटे हैं। लोग कपड़े, खाने की चीजें और जरूरत का सामान दान दे रहे हैं। पांच ऐसे बच्चे हैं जिन्होंने केरल बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए दान में ऐसी-ऐसी चीजें दीं कि अब पूरा देश उन पर फक्र कर रहा है।
किसी ने दान की जमीन, किसी ने दे दिया गुल्लक, केरल बाढ़ में बच्चों ने ऐसे की मदद
तमिलनाडु की रहने वाली आठ वर्षीय अनुप्रिया पिछले चार साल से साइकिल खरीदने के वास्ते पैसे जमा कर रही थी। मगर टीवी पर जब उसने विनाशकारी केरल बाढ़ का मंजर देखा तो उसका दिल पसीज गया। उसने अब तक कुल 8,846 रुपये जमा किए थे। उसके पिता जी ने अपनी तरफ से कुछ पैसे तोड़ कर कुल 9000 हजार रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष में दे दिए।
जैसे ही बच्ची की नेकदिली मीडिया के जरिए लोगों को पता चली, सभी प्रभावित हुए। साइकिल की कंपनी 'हीरो' ने बच्ची को ईनाम के रूप में चमचमाती साइकिल दे दी।
तमिलनाडु की अक्ष्या ने अपनी दिल की सर्जरी के लिए जमा किए पैसों का एक हिस्सा केरल बाढ़ के राहत कार्य के लिए दान दे दिया। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक 12 साल की बच्ची को दिल के
ऑपरेशन के लिए ढाई लाख रुपये की जरूरत है। इसके लिए उसने 20 हजार रुपये जमा किए थे। मगर केरल के हालात देख उसने पांच हजार रुपये दान कर दिए। बच्ची ने मक्कल पधाई नाम के स्वयं सेवी संस्थान को पैसे दान दिए।
कोलकाता की चार साल की बच्ची अपराजिता ने सीडी प्लेयर खरीदने के लिए 14,800 रुपये जमा किए थे। मगर टीवी पर जब उसने केरल बाढ़ की खबरें देखीं तो उसे बहुत तकलीफ हुई। उसने अपने मां-बाप से बात की और पूरा गुल्लक माकपा नेता बिमन बोस को दे दिया ताकि वो उस पैसे को बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए भेज सकें।
केरल के कुन्नूर में रहने वाले भाई-बहन ने स्वाहा और ब्रह्मा ने बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए एक एकड़ जमीन दान दे दी। इस जमीन की कीमत 40 लाख रुपये है। 'टाइम्स ऑफ इंडिया' की रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने अपनी जमीन मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष को सौंपी है। 16 वर्षीय स्वाहा ने बताया कि पहले उसे इस बात का डर था कि कहीं उनके इस फैसले से पिता जी नाराज ना हों, मगर उन्होंने भी बच्चों के फैसले का समर्थन किया।