एक महिला के साथ उसके पति ने ही ऐसी हरकत कर डाली जिसे जानकर आप हैरान हो जाएंगे। पहले तो पति ने अपनी पत्नी से दोस्तों के साथ शारीरिक संबंध बनाने को कहा लेकिन जब पत्नी ने इनकार किया तो पति ने पत्नी की जान लेने की कोशिश की।
दरअसल, बिहार के मधेपुरा में एक जख्मी महिला को किसी राहगीर ने सहरसा सदर अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां महिला का इलाज चल रहा है। आपको बता दें कि झारखंड के धनबाद की रहने वाली पीड़िता दीप्ति (काल्पनिक नाम) ने कहा कि एक साल पहले वह मधेपुरा के एक निजी नर्सिंग होम में नर्स का काम करने आई थी।
नर्सिंग होम के बगल में मधेपुरा गैरस्थान वार्ड नंबर 13 निवासी वाल्मीकि साह प्रिंटिंग प्रेस चलाता था। इसी दौरान दोनों एक-दूसरे से प्रेम करने लगे। कुछ दिन बाद दोनों ने शिव मंदिर में शादी रचा ली। शादी के बाद उसके माता-पिता ने उसे घर से निकाल दिया। उसके बाद दोनों बिट्टू यादव के मकान में किराये पर रहने लगे। शादी के छह माह बाद उसका पति काफी नशा करने लगा।
पीड़िता का आरोप है कि उसका पति घटिया हरकत पर उतारू हो गया और उस पर अपने दोस्तों के साथ नाजायज संबंध बनाने का दबाव डालने लगा। पीड़िता का कहना है कि वह लगातार इसका विरोध करती रही।
छह दिसंबर को उसके पति वाल्मीकि साह ने अपने दोस्तों सुनील रजक, गजेंद्र यादव व राहुल सिंह के साथ मिलकर बुरी तरह मारपीट कर सड़क पर फेंक दिया। पीड़िता ने कहा कि वे लोग उस पर गाड़ी चढ़ा कर उसकी हत्या को सड़क दुर्घटना का रूप देना चाहते थे। उसने किसी तरह भाग कर अपनी जान बचायी। हालांकि पुलिस ने महिला को इमरजेंसी में भर्ती कराया है और मामले की जांच कर रही है।