भारतीय समाज में जब किसी के घर में बेटी का जन्म होता है तो उसके जन्म के साथ ही उसके मां-बाप उसकी शादी के बारे में सोचने लग जाते हैं। बेटी की शादी की तैयारियां भी उसके जन्म के साथ ही शुरू हो जाती हैं और जैसे ही बेटी की उम्र 20-21 के पार होती है, उसके लिए एक उपयुक्त वर की तलाश शुरू हो जाती है। हर मां का सपना होता है कि उसकी बेटी को एक अच्छा वर मिले जो उसे दुनिया की सारी खुशियां दे, लेकिन आज हम आपको जिस खबर के बारे में बताने जा रहे हैं वह इससे बिल्कुल उलट है, जहां एक बेटी अपनी 50 वर्षीय मां के लिए उपयुक्त वर की तलाश कर रही है।
अपनी 50 साल की मां के लिए दूल्हा ढूंढ रही है यह लड़की, ये हैं शर्तें
आजकल ट्विटर पर मां-बेटी की एक खूबसूरत तस्वीर काफी वायरल हो रही है। इस तस्वीर से ज्यादा खास है इसके कैप्शन में लिखी हुई बात, जिसे यूजर्स से भर-भर कर प्यार मिल रहा है। दरअसल, ट्विटर पर आस्था वर्मा नाम की एक लड़की ने अपनी मां के साथ एक तस्वीर पोस्ट की थी, जिसमें उन्होंने लिखा था कि उन्हें अपनी 50 वर्षीय मां के लिए एक उपयुक्त वर की तलाश है।
आस्था को अपनी मां के लिए एक उपयुक्त वर की तलाश तो है, लेकिन इसके लिए उनकी कुछ शर्तें भी हैं। आस्था के पोस्ट के अनुसार, उनके होने वाले पिता का शुद्ध शाकाहारी होना बहुत जरूरी है और साथ ही उन्हें शराब की लत भी नहीं होनी चाहिए । इसके अलावा आस्था के होने वाले पिता का संपन्न होना भी अति आवश्यक है। आस्था की ट्विटर प्रोफाइल के अनुसार, वह लॉ की छात्रा हैं।
आस्था के इस बेबाक अंदाज को लोगों का खासा प्यार मिल रहा है। आस्था की कहानी काफी हद तक किसी फिल्म या किताब की कहानी जैसी है। जैसे फिल्मों व किताबों में बच्चे अपने मां-बाप की औलाद से ज्यादा उनके दोस्त होते हैं, वैसे ही आस्था का भी अपनी मां से दोस्ती का रिश्ता है। आस्था की इस पोस्ट ने काफी लोगों को भावुक कर दिया है, वहीं दूसरी ओर कई लोग आस्था को कई नामों के सुझाव भी दे रहे हैं।
आस्था ने यह ट्वीट 31 अक्तूबर को रात 8 बजकर 12 मिनट पर किया था, जिसके कुछ समय बाद ही यह काफी वायरल हो गया। इस ट्वीट को अब तक 22 हजार लाइक मिल चुके हैं और करीब 7400 से अधिक लोग इस पर कमेंट कर चुके हैं। आस्था के ट्वीट पर जिस तरह के रिप्लाई आ रहे हैं, उससे एक बात तो साफ है कि 50 वर्ष की आयु वाले काफी लोगों को जीवनसाथी की तलाश है।
Looking for a handsome 50 year old man for my mother! :)
Vegetarian, Non Drinker, Well Established. #Groomhunting pic.twitter.com/xNj0w8r8uq