दुनिया की नामी गिरामी वाहन निर्माता कंपनी सुजुकी ने अपनी हैचबैक कार स्विफ्ट के स्पोर्ट एक्सट्रीम कॉन्सैप्ट से पर्दा उठाया है। जैसा कि नाम से सप्ष्ट है आने वाली स्विफ्ट न केवल रफ्तार के मामले में तेज होगी, बल्कि उसका लुक भी अग्रेसिव होगा। सुजुकी की यह नई कार स्विफ्ट स्पोर्ट पर बेस्ड होगी।
सुजुकी ने Swift Sport Extreme कार से उठाया पर्दा, ‘गुस्सैल’ लुक आपको आएगा पसंद!
‘गुस्सैल’ स्विफ्ट
थाईलैंड में चल रहे थाई मोटर में पर्दा उठाते हुए सुजुकी ने कॉन्सैप्ट स्विफ्ट में हैचबैक को थोड़ा ‘गुस्सैल’ दिखाया है, वहीं गाड़ी के फ्रंट में लाल रंग की स्ट्रिप के साथ फ्रंट स्प्लिटर दिया है। साथ ही फ्लैर्ड व्हील आर्क, लोअर सस्पेंशन सेटअप, बड़े अलॉय व्हील्स, पतले टायर्स, मिनी डिफ्यूजर के साथ नया रिअर अपरॉन और चौड़े एग्जास्ट आउटलेट दिए गए हैं। वहीं सुजुकी स्विफ्ट स्पोर्ट एक्सट्रीम में ह्यूंदै एन-परफॉरमेंस वाली कलर स्कीम दी गई है। वहीं एक्सट्रीम में पीछे की तरफ दो स्पॉयलर एक बूट पर और दूसरा रूफ के पिछले हिस्से पर दिया गया है।
1.4 लीटर पेट्रोल इंजन
वहीं स्विफ्ट के बोनट पर भी काम किया गया है। लुक बदलने के लिए इसमें ज्यादा एरो और कूलिंग डक्ट दिए गए हैं। मौजूदा स्विफ्ट स्पोर्ट को पूरी दुनिया में 1.4 लीटर पेट्रोल इंजन के साथ बेचा जाता है, जो 140 एचपी की पावर और 230 एनएम का टॉर्क जेनरेट करता है।
नया हाइब्रिड सिस्टम लॉन्च
वहीं सुजुकी ने हाल ही में सेकंड जेनरेशन 48 वोल्ट सेल्फ चार्जिंग हाइब्रिड सिस्टम लॉन्च किया है, जिसे अगले साल की शुरुआत में विटारा, एस-क्रॉस और स्विफ्ट स्पोर्ट में भी लगाया जाएगा। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि कंपनी कब इस कार को भारत में लॉन्च करेगी। हालांकि कंपनी ने अभी तक स्विफ्ट स्पोर्ट को भी भारत में नहीं उतारा है।
पहले उतारी थी Swift Sport Katana
इससे पहले कंपनी ने इस साल मई में नीदरलैंड के बाजार के लिए Suzuki Swift Sport Katana Edition पेश किया था। सुजुकी ने ये खास एडिशन सुजुकी कटाना मोटरसाइकिल को ट्रिब्यूट देने के लिए बनाया गया है। सुजुकी कटाना बाइक को 1981 में लांच किया गया था और जिसके बाद लोगों ने इसे हाथोंहाथ लिया। जापान में कटाना का मतलब होता है तलवार। वहीं इस बाइक का उत्पादन 2006 में बंद कर दिया गया, लेकिन साल 2018 में सुजुकी ने इसे फिर से लांच किया।