Mahindra S201 से आखिरकार बुधवार को पर्दा उठ ही गया है। महिन्द्रा की इस नई एसयूवी का नाम है XUV300, इसका कोड नेम Mahindra S201 रखा गया था। नई XUV300 अगले साल फरवरी के पहले हफ्ते में लॉन्च होगी। आइए जानते हैं क्या खास है महिन्द्रा की इस नई एसयूवी में...
सुजुकी विटारा ब्रीजा, इकोस्पोर्ट, नेक्सॉन को कड़ी टक्कर
Mahindra XUV300 की लंबाई चार मीटर होगी, जो सुजुकी विटारा ब्रेजा, इकोस्पोर्ट, नेक्सॉन को कड़ी टक्कर देगी। हालांकि महिन्द्रा ने अभी इसकी केवल डिजिटल इमेज ही जारी की हैं, लेकिन लुक्स में यह एक्सयूवी 500 से मिलती-जुलती लग रही है।
हेडलैंप्स के साथ एलईडी प्रोजेक्टर्स और एलईडी डीआरएल
महिन्द्रा के मुताबिक इस एसयूवी को SsangYong Tivoli के प्लेटफॉर्म पर डेवलेप किया गया है। हालांकि टिवोली की लंबाई 4195 मीटर है। इसमें फ्रंट पर क्रोम ग्रिल दी गई हैं और बड़े हेडलैंप्स दिए गए हैं। हेडलैंप्स के साथ एलईडी प्रोजेक्टर्स और एलईडी डीआरएल भी दी गई हैं। एलईडी डीआरएल एक्सयूवी 500 और अल्टूरस जी4 से इंस्पायर्ड हैं।
17 इंच के डायमंड कट अलॉय व्हील
वहीं महिन्द्रा एक्सयूवी 300 में स्पिल्ट टेल लैंप्स दिए गए हैं। नई एक्सयूवी में 17 इंच के डायमंड कट अलॉय व्हील हैं, वहीं एग्जास्ट बंपर पीछे दिया गया है, जो दिखता नहीं है। इसमें स्पोर्टी लुक के लिए काले रंग के बंपर दिए गए हैं। वहीं केवल इकोस्पोर्ट में ही 17 इंच अलॉय व्हील का फीचर है।
इंटीरियर की बात करें, तो इसका इंटीरियर टिवोली की तरह दिखाई देता है। इसमें सनरूफ, डुअल टोन बेज और ब्लैक इंटीरियर और लेदर अपहोलस्ट्री का फीचर है। इसके अलावा इस सेगमेंट में पहली बार डुअल जोन क्लाइमेट कंट्रोल के साथ 7 एयर बैग्स दिए गए हैं। स्टैंडर्ड सेफ्टी फीचर की बात करें, तो इसमें स्टीयरिंग माउंटेड कंट्रोल, एपल कारप्ले और एंड्रॉयड ऑटो के साथ टच स्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, डुअल एयर बैग्स, रिअर डिस्क ब्रेक्स, रिअर पार्किंग सेंसर, आइसोफिक्स चाइल्ड सीट माउंट, एबीएस और ईबीडी का फीचर है।