भावी संतान को लेकर हर किसी के मन में कई आशाएं, सपने और उमंग की लहरे होती हैं। इसलिए ही बच्चे के जन्म से पूर्व ही लोग बहुत सारी चीजों को पहले ही सोचकर रख लेते हैं। इन्हीं में से सबसे पहले लोग सोचते हैं कि बच्चे का नाम क्या रखना चाहिए। हर माता-पिता चाहते हैं कि उसके बच्चे का नाम कुछ खास होना चाहिए। आज के समय में लोग इसके लिए इंटरनेट का सहारा लेते हैं, लेकिन क्या आपको पता है कि किसी के नाम का प्रभाव उसके पूरे जीवन पर पड़ता है। इसलिए नाम रखते समय कुछ बातों को ध्यान में रखना बहुत आवश्यक होता है।
नाम का भी पड़ता है भाग्य और स्वभाव पर प्रभाव, बच्चे का नाम रखने से पहले जान लें ये बातें
नाम के अर्थ का रखें ध्यान-
आज के समय में लोग चाहते हैं कि उनके बच्चे का नाम कुछ हटकर नया हो। इसलिए जो नाम वे सीरियल या फिल्मों में देखते हैं, वही नाम वे अपने बच्चो का रख देते हैं, लेकिन बच्चे का नाम रखने से पहले उसका अर्थ जानना बेहद जरूरी होता है। अपने बच्चे के लिए एक ऐसा नाम चुनें जिसका अर्थ अच्छा हो, क्योंकि बच्चे के नाम का प्रभाव उसके पूरे व्यक्तित्व पर पड़ता है।
नामकरण के लिए चुनें सही दिन-
बच्चे के जन्म के बाद ग्यारहवें या सोलहवें दिन नामकरण संस्कार किया जाता है लेकिन इस बात का ध्यान रखें कि उस दिन पूर्णिमा या अमावस्या तिथि नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा यदि गंडमूल में बच्चे का जन्म हुआ है तो पूरे सत्ताइस दिनों के बाद ज्योतिष की सलाह से ही नामकरण संस्कार करवाना चाहिए।
बोलने में सरल होना चाहिए नाम-
नाम किसी के भी देश, संस्कृति को भी दर्शाता है। नाम का भाषा से गहरा संबंध माना जाता है। आजकल लोग अपने बच्चों के नाम विदेशी भाषा में रखने लगे हैं लेकिन भारतीय संस्कृति के अनुसार बच्चे का नाम हिंदी या संस्कृत भाषा के अनुसार रखना चाहिए। नाम लेने में सरल होना चाहिए, क्योंकि कठिन नाम होने पर लोग अर्थ का अनर्थ कर देते हैं। विदेशी भाषा में भी यदि नाम रख रहे हैं तो भलिभांति पहले उस नाम का अर्थ अवश्य जान लें।
अलग-अलग नाम नहीं रखने चाहिए-
अक्सर देखने में आता है कि लोग प्यार से बच्चे को अलग-अलग नामों से पुकारते हैं। घर का अलग नाम होता है तो वहीं बाहर का नाम अलग होता है, लेकिन ऐसा नहीं करना चाहिए। घर और बाहर दोनों के लिए एक ही नाम रखना चाहिए। अलग-अलग नाम होने पर बच्चे को कई बार परेशानी उठानी पड़ती है।