{"_id":"5a5fdfb04f1c1b61268b4f2e","slug":"max-hospital-will-investigate-again-notices-sent-by-delhi-medical-council","type":"story","status":"publish","title_hn":"मैक्स अस्पताल पर फिर जांच की आंच, दिल्ली मेडिकल काउंसिल ने भेजा नोटिस ","category":{"title":"City and States Archives","title_hn":"शहर और राज्य आर्काइव","slug":"city-and-states-archives"}}
मैक्स अस्पताल पर फिर जांच की आंच, दिल्ली मेडिकल काउंसिल ने भेजा नोटिस
अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली
Updated Thu, 18 Jan 2018 05:14 AM IST
विज्ञापन
दिल्ली के शालीमार बाग स्थित मैक्स अस्पताल में नवजात शिशु को मृत घोषित किए जाने के मामले के बाद अब अस्पताल पर रोहिणी निवासी मरीज कमलेश की मौत के मामले की जांच भी शुरू हो चुकी है। दिल्ली मेडिकल काउंसिल (डीएमसी) ने अस्पताल प्रबंधन को नोटिस देकर 15 दिन के भीतर जवाब मांगा है। डीएमसी के सचिव डॉ. गिरीश त्यागी का कहना है कि अगर तय समय में जवाब नहीं मिलता है तो अस्पताल प्रबंधन की सुनवाई नहीं की जाएगी। जवाब मिलने के बाद काउंसिल कमेटी का गठन कर जांच शुरू कर देगा।
विज्ञापन
बता दें कि कुछ दिन पहले रोहिणी निवासी मरीज कमलेश को मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि इमरजेंसी में उनसे झूठ बोलकर जूनियर डॉक्टर से ऑपरेशन कराया गया। बायोप्सी के अलावा तीन स्टेंट भी डॉक्टरों ने डाल दिए। ओटी से मरीज के चिल्लाने की आवाजें आ रही थीं। लेकिन डॉक्टरों ने एक नहीं सुनी और बाद में मरीज की मौत हो गई।
विज्ञापन
इसके बाद हुए हंगामे के चलते दिल्ली पुलिस ने शव का सफदरजंग अस्पताल के मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराया था। इसके बाद पुलिस ने जांच के लिए डीएमसी को पत्र लिखा था। इसी पर संज्ञान लेते हुए डीएमसी ने मैक्स अस्पताल को नोटिस भेजा है।
विज्ञापन
अगले महीने आएगी नवजात मामले की रिपोर्ट
दूसरी ओर नवंबर में नवजात शिशु को मृत घोषित किए जाने के मामले में भी मैक्स अस्पताल की जांच पूरी होने को है। बुधवार को डीएमसी ने बताया कि कमेटी का गठन कर जांच शुरू कर दी गई है। अगले महीने की शुरुआत में जांच रिपोर्ट पुलिस को सौंप दी जाएगी।