उत्तराखंड: शिक्षक पात्रता परीक्षा में बंटे गलत पेपर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड राज्य शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूसैट) 2015 में परीक्षार्थियों को गलत प्रश्नपत्र बंटने का कुमाऊं विश्वविद्यालय ने संज्ञान लिया है। रविवार को यूसैट परीक्षा के लिए प्रदेश के 11 शहरों में 36 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।
देहरादून, रुड़की और हल्द्वानी के कुछ परीक्षा केंद्रों में परीक्षार्थियों को गलत प्रश्नपत्र वाली बुकलेट बांट दी गई। कुछ परीक्षार्थियों ने जानकारी दी तो परीक्षा केंद्रों की ओर से कुमाऊं विवि से संपर्क किया गया।
विवि ने तुरंत निर्देश जारी करा दिया कि जिस भी अभ्यर्थी को गलत कोड वाली बुकलेट मिली हो, वह तुरंत यूसैट की वेबसाइट पर शिकायत दर्ज कराएं।
इसलिए हुई गड़बड़ी
परीक्षा केंद्रों पर सुबह साढ़े नौ से दोपहर 12:30 बजे तक की पाली में पेपर 1 और पेपर 2 होने थे। कुमाऊं विवि ने परीक्षा केंद्रों को निर्देश दिए थे कि जिस अभ्यर्थी को पेपर 1 के जिस भी कोड (ए, बी, सी, डी) की बुकलेट मिली हो, पेपर 2 की बुकलेट भी उसी कोड की होनी चाहिए। लेकिन कुछ परीक्षा केंद्रों पर दोनों पेपर की अलग-अलग कोड की बुकलेट दे दी गई।
परीक्षार्थी यहां दर्ज कराएं अपनी शिकायत
परीक्षा ओएमआर शीट पर कराई जाती है। इनका मूल्यांकन भी कंप्यूटर द्वारा किया जाता है। टेस्ट बुकलेट में सवाल एक ही होते हैं, लेकिन अलग-अलग कोड की बुकलेट में इनका क्रम अलग होता है।
हर अभ्यर्थी को एक ही कोड की बुकलेट इसलिए दी जाती है, ताकि मूल्यांकन में कंप्यूटर एक ही कोड के जवाबों के आधार पर कापी चेक कर सके। लेकिन, कोड अलग होने से जवाबों का क्रम बिगड़ जाएगा, ऐसे में सही उत्तर देने के बावजूद संबंधित अभ्यर्थियों का मूल्यांकन ठीक नहीं हो सकेगा। हालांकि, विवि ने कहा है कि शिकायतों का संज्ञान लेकर जरूरी व्यवस्था की जाएगी।
यहां करें शिकायत: usetku@gmail.com
14338 ने दी परीक्षा
प्रदेश में कुल 17397 अभ्यर्थियों में से 14338 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। 3059 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। देहरादून में यह परीक्षा आठ केंद्रों पर आयोजित हुई, जिसमें चार हजार में से 716 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
बोले अधिकारी
किसी भी अभ्यर्थी की परीक्षा बेकार नहीं जाने दी जाएगी। अगर कोई ऐसा अभ्यर्थी है जिसे पेपर 1 व पेपर 2 अलग-अलग कोड के मिल गए हों तो वह तुरंत यूसैट की वेबसाइट पर ‘कांटेक्ट अस’ में अपनी शिकायत डाल दें। ऐसे हर अभ्यर्थी को अलग से ट्रीट किया जाएगा।
-प्रो. पीडी पंत, आयोजन सचिव यूसैट