{"_id":"b5289e170b9bba61b186603e1c82fb46","slug":"weightage-for-graduation-student-in-garhwal-university-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"ग्रेजुएट छात्रों को पोस्ट ग्रेजुएशन में मिलेगा 5% वेटेज","category":{"title":"Campus Archives","title_hn":"कैंपस आर्काइव","slug":"campus-archives"}}
ग्रेजुएट छात्रों को पोस्ट ग्रेजुएशन में मिलेगा 5% वेटेज
ब्यूरो / अमर उजाला, देहरादून
Updated Sun, 17 May 2015 01:18 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गढ़वाल विवि से ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल करने वाले छात्रों को अब पोस्ट ग्रेजुएशन में दाखिले के लिए पांच प्रतिशत का वेटेज (अधिभार) दिया जाएगा। लंबे समय से चली आ रही इस मांग पर देहरादून में हुई विवि की कार्यकारी परिषद (ईसी) की बैठक में मुहर लग गई।
विज्ञापन
शनिवार को राजपुर रोड स्थित एक होटल में हेमवती नंदन बहुगुणा केंद्रीय विवि की छठी कार्यकारी परिषद की बैठक में कुलपति प्रो. जेएल कौल के अलावा प्रो. एसके जोशी सहित तमाम सदस्य शामिल हुए। बैठक में कई अहम फैसले लिए गए।
विज्ञापन
इसमें से मुख्यतौर पर 289 छात्रों को पीएचडी अवॉर्ड करने के साथ ही विवि के कुलपति को यह अधिकार दे दिया गया कि वे कार्यकारी परिषद की बैठक के बजाए खुद पीएचडी डिग्री अवार्ड कर सकेंगे। इससे छात्रों को पीएचडी डिग्री के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
विज्ञापन
बैठक में मुख्य रूप से प्रो. आरके शिवपुरी, ले.ज. एमसी बधानी (रिटायर्ड), कुलसचिव पीएस राणा, दून विवि कुलपति प्रो. वीके जैन, एसजीआरआर प्राचार्य प्रो. वीए बौड़ाई, कुलपति के ओएसडी प्रो. डीएस नेगी सहित कई सदस्य मौजूद रहे।
जुलाई से ग्रेजुएशन में भी सेमेस्टर सिस्टम
गढ़वाल विवि में अब जुलाई से सभी यूजी कोर्सेज में भी सेमेस्टर सिस्टम लागू होने जा रहा है। ईसी की बैठक में इस पर मुहर लगा दी गई है। विवि करीब तीन साल पहले पीजी में सेमेस्टर सिस्टम लागू कर चुका है।
विवि को नहीं मिला काबिल परीक्षा नियंत्रक
बैठक में नए अधिकारियों की नियुक्ति के लिफाफे भी खोले गए। हरियाणा सेंट्रल यूनिवर्सिटी में कुलसचिव डॉ. एके झा अब विवि के स्थायी कुलसचिव होंगे। इसके अलावा प्रथम वित्त अधिकारी का प्रस्ताव मानव संसाधन विकास मंत्रालय को भेजा गया है। प्रक्रिया पूरी करने और तमाम इंटरव्यू के बाद विवि को कोई भी काबिल परीक्षा नियंत्रक नहीं मिल पाया।
सभी हॉस्टलों के नाम बदले
बैठक में विवि के एक्ट में बदलाव का मामला रखा गया। इसके तहत विवि ने न केवल वार्षिक रिपोर्ट, डेपुटेशन, एक्स्ट्रा ऑर्डिनरी लीव पर मुहर लगी, बल्कि विवि के हॉस्टलों के नए नाम भी रख दिए गए।
रिसर्च ब्वॉयज हॉस्टल का नाम अब आर्यभट्ट रिसर्च हॉस्टल, न्यू ब्वॉयज हॉस्टल का नाम स्वामी विवेकानंद हॉस्टल, वुमन हायर स्टडीज हॉस्टल का नाम गंगा हायर स्टडीज हॉस्टल, न्यूली बिल्ड वुमन हॉस्टल का नाम यमुना गर्ल्स हॉस्टल, रिसर्च गर्ल्स हॉस्टल का नाम नंदा देवी गर्ल्स हॉस्टल, न्यूली बिल्ड ब्वॉयज हॉस्टल का नाम श्रीदेव सुमन ब्वॉयज हॉस्टल, गर्ल्स हॉस्टल का नाम बाल गंगा गर्ल्स हॉस्टल और ब्वॉयज हॉस्टल का नाम त्रिहरि ब्वॉयज हॉस्टल रखने पर ईसी ने मुहर लगाई। इसके अलावा विवि के मल्टी जिम्नेजियम एवं रॉक क्लाइंबिंग सेंटर का नाम कैप्टन विजय पाल सिंह नेगी के नाम रखने पर भी मुहर लगी।
कॉलेजों की संबद्धता अधर में
गढ़वाल विवि से संबद्ध सरकारी, निजी कॉलेजों की असंबद्धता का मामला अब भी लंबित है। जनवरी में हुई अकादमिक परिषद की बैठक के बाद एचआरडी मंत्रालय को विवि ने पत्र भेजा था लेकिन अब तक कोई जवाब नहीं आया है।
ईसी की बैठक में यह मुद्दा एजेंडा में तो नहीं था लेकिन इस पर चर्चा हुई। इससे यह बात भी सामने आई कि विवि के पास कॉलेजों को असंबद्ध करने का कोई अधिकार ही नहीं है।