भाभा एटॉमिक रिसर्च सेंटर परीक्षा में उत्तराखंड के सुबोध की पहली रैंक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देहरादून स्थित ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय के छह छात्रों ने अपने टैलेंट से देशभर में नाम कमाया है। विवि के छह में से पांच छात्रों ने भाभा एटॉमिक रिसर्च सेंटर (बार्क) की परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की है।
इसमें देहरादून निवासी सुबोध कुमार की कंप्यूटर साइंस में आल इंडिया पहली रैंक शामिल है। विशेष पार्शव को अमेजन कंपनी में 25 लाख रुपये का पैकेज मिला है। विवि ने इन सभी छात्रों को सोमवार को सम्मानित किया।
दून निवासी सुबोध कुमार, मेरठ निवासी विवेक लाटा, मसूरी निवासी नमन गोयल, आसाम निवासी भार्गव बरूआ और गाजियाबाद निवासी अभिषेक रंजन ने बार्क की परीक्षा में कंप्यूटर साइंस में कामयाबी हासिल की है। सभी ग्राफिक एरा विवि के कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग के छात्र हैं।
ग्राफिक एरा विवि के अध्यक्ष डॉ. कमल घनशाला ने सभी छात्रों को सम्मानित किया। उन्होंने हर वैज्ञानिक को 50-50 हजार रुपए का पुरस्कार देने की घोषणा भी की। समारोह में ग्राफिक एरा विवि के छात्र विशेष पार्शव को अमेजन कंपनी की ओर से 25 लाख का पैकेज मिलने पर भी हर्ष जताया गया।
विवि के छात्र गौरव सिंह चुफाल को ग्रेजुएशन एप्टीट्यूड टेस्ट में 99.65 परसेंटाइल के साथ ओएनजीसी, इंडियन ऑयल और हिंदुस्तान पेट्रोलियम से बुलावा आया है। इस मौके पर ग्राफिक एरा विवि के चांसलर डॉ. आरसी जोशी, कुलपति डॉ. वीके तिवारी, प्रो वाइस चांसलर डॉ. एके अवस्थी, ग्राफिक एरा पर्वतीय विवि के कुलपति डॉ. संजय जसोला, डीन डॉ. आर गौरी, मीडिया के एचओडी प्रो. सुभाष गुप्ता भी मौजूद रहे।
ऐसे होता है चयन
बार्क की ओर से हर साल नई भर्ती के लिए परीक्षा कराई जाती है। इसमें इंजीनियरिंग की अलग-अलग ब्रांच के हिसाब से पहले लिखित परीक्षा होती है। चयनित अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया जाता है।
साक्षात्कार में बैठी विशेषज्ञों की टीम अभ्यर्थियों से उनकी ब्रांच से संबंधित सवाल और कई अन्य सवाल पूछती है। इसके बाद अंतिम परिणाम जारी किया जाता है। चयनित युवा अब बतौर जूनियर साइंटिस्ट आफिसर ज्वाइन करेंगे, जिन्हें शुरुआत में 7.5 लाख रुपए का पैकेज मिलेगा।
बचपन से था इंजीनियर बनने का सपना
क्लेमेंटटाउन के पोस्ट आफिस रोड निवासी सुबोध कुमार का सपना बचपन से ही इंजीनियर बनने का था। उन्होंने केवि आईएमए से वर्ष 2009 में 90 प्रतिशत अंकों के साथ 10वीं और वर्ष 2011 में यहीं से 86.6 प्रतिशत अंकों के साथ 12वीं पास की।
इसके बाद ग्राफिक एरा विवि में कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग में दाखिला लिया। उन्होंने बताया उनकी बड़ी बहन वंदना यादव ने बीसीए किया है। उन्हें देखकर ही उनमें कंप्यूटर के प्रति रुचि पैदा हुई। सुबोध ने बार्क की परीक्षा में कंप्यूटर साइंस में पहली रैंक हासिल की है।