UPTU: स्टूडेंट्स के लिए कई बड़ी खुशखबरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश प्राविधिक विश्वविद्यालय से संबद्ध 850 से अधिक इंजीनियरिंग कॉलेजों के करीब पांच लाख स्टूडेंट्स को अब परीक्षा से जुड़े कामों के लिए विवि व कॉलेजों के चक्कर नहीं काटने होंगे।
यूपीटीयू अपना वेब पोर्टल बनाएगा, जिससे परीक्षा से जुड़े सभी काम ऑनलाइन हो जाएंगे। स्टूडेंट को डिग्री, माइग्रेशन, स्क्रूटनी, मार्क्सशीट में करेक्शन व चैलेंज इवैल्यूएशन आदि के लिए ऑनलाइन फॉर्म उपलब्ध करवाए जाएंगे।
यूपीटीयू प्रशासन बैंक के ऑनलाइन पेमेंट का गेट-वे उपलब्ध करवाएगा। इस पर स्टूडेंट ऑनलाइन बैंक चालान और क्रेडिट व डेबिट कार्ड से आवेदन शुल्क जमा कर सकेंगे।
यही पर उन्हें एक टोकन नंबर मिल जाएगा और इसके बाद एक निर्धारित समय में उनका काम हो जाएगा। स्टूडेंट्स की समस्याओं के समाधान के लिए परीक्षा विभाग में एक ऑनलाइन हेल्प डेस्क व कॉल सेंटर भी स्थापित होगा।
यूपीटीयू के परीक्षा नियंत्रक प्रो. बीएन मिश्रा ने बताया कि परीक्षा विभाग में छोटी-छोटी समस्याएं लेकर दूर-दराज के इंजीनियरिंग कॉलेजों से स्टूडेंट्स आते हैं और परीक्षा संबंधी कामों के लिए उन्हें परेशान होना पड़ता है।
ऐसे में अब उनके लिए परीक्षा विभाग ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए वेब पोर्टल तैयार करेगा। स्टूडेंट इस ऑनलाइन वेब पोर्टल पर एक निर्धारित स्थान पर जाएंगे और अपनी क्लास व जिस कैटेगरी का काम होगा, उसे क्लिक करके ऑनलाइन फॉर्म खोल लेंगे। इसके बाद ऑनलाइन ही सबमिट कर देंगे।
बढ़ाए जाएंगे एग्जाम सेंटर
स्टूडेंट्स को अब सेमेस्टर परीक्षाएं देने के लिए अपने घर से अधिक दूर नहीं जाना पड़ेगा। सभी जिलों में परीक्षा केंद्रों की संख्या बढ़ाई जाएगी।
अभी परीक्षा केंद्र अधिक संख्या में न होने के कारण स्टूडेंट को परेशानी का सामना करना पड़ता है लेकिन आवश्यकता के अनुसार परीक्षा केंद्र बढ़ाए जाएंगे तो स्टूडेंट्स को फायदा होगा।
परीक्षा नियंत्रक प्रो. बीएन मिश्रा कहते हैं कि ऐसे इंजीनियरिंग कॉलेज जहां अभी अधिक संख्या में परीक्षा के लिए स्टूडेंट आवंटित किए जाते हैं, वहां संख्या कम करके नए कॉलेजों को मौका दिया जाएगा।
यूपीटीयू से संबद्ध इंजीनियरिंग कॉलेजों में बीटेक की पढ़ाई पूरी करने वाले ऐसे स्टूडेंट जो कि फर्स्ट ईयर में एक या दो पेपर में फेल होने के कारण डिग्री से वंचित रह जाते हैं, उन्हें खास मौका दिया जाएगा।
अभी विशेष व्यवस्था के तहत ऐसे स्टूडेंट्स को विश्वविद्यालय प्रशासन ने मौका दिया है लेकिन कोशिश होगी कि यूनिवर्सिटी में ऐसे स्टूडेंट्स के लिए नया नियम बनाया जाए। इससे स्टूडेंट्स को बड़ी राहत मिलेगी।