UPSC: कोर्ट का रोक से इनकार, परीक्षा आज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सुप्रीम कोर्ट ने रविवार, 24 अगस्त को होने वाली संघ लोकसेवा आयोग (यूपीएससी) की प्रारंभिक परीक्षा पर रोक लगाने से इनकार कर दिया है। सर्वोच्च अदालत ने शनिवार को कहा कि सी-सैट को लेकर छात्रों के ऐतराज का मसला पहले ही सुलझाया जा चुका है।
ऐसे में अंतिम समय में परीक्षा पर रोक नहीं लगाई जा सकती है। प्रारंभिक परीक्षा में करीब नौ लाख छात्र अपनी किस्मत आजमाएंगे। सर्वोच्च अदालत ने शनिवार को कार्यदिवस नहीं होने के बावजूद इस मामले में विशेष सुनवाई की।
जस्टिस जेएस खेहर और जस्टिस अरुण मिश्रा की पीठ ने प्रारंभिक परीक्षा पर रोक लगाने की अर्जी खारिज कर दी। पीठ ने पूरे मामले में करीब आधे घंटे तक सुनवाई की, लेकिन याचिकाकर्ता की इस दलील से सहमत नहीं हुई कि परीक्षा की मौजूदा प्रणाली विज्ञान पृष्ठभूमि के छात्रों को अनुचित फायदा पहुंचाती है।
शीर्ष अदालत ने कहा कि आपने सिर्फ व्याख्यात्मक हिस्से की तरफ इशारा किया, जबकि उसे हटाया जा चुका है। बीमारी का इलाज तो किया जा चुका है।
पीठ ने यूपीएससी के उस फैसले की ओर इशारा करते हुए यह बात कही जिसमें परीक्षार्थियों से कहा गया है कि वे 24 अगस्त को होने वाली यूपीएससी परीक्षा के दूसरे प्रश्न पत्र सी-सैट में अंग्रेजी व्याख्यात्मक के सवालों के जवाब न दें, क्योंकि उनके अंक मेरिट में नहीं जोड़े जाएंगे।
'मेरिट का आकलन आपके हिसाब से नहीं किया जा सकता'
पीठ ने याचिकाकर्ता अंगेश कुमार की याचिका पर सुनवाई करते हुए कहा कि आपकी परेशानी को खत्म किया जा चुका है और अब आप अच्छी स्थिति में हैं। बेहतर यही है कि इससे संबंधित शैक्षणिक मुद्दे पर निर्णय लेने का जिम्मा सरकार और उसके विशेषज्ञ निकायों पर छोड़ दिया जाए क्योंकि मेरिट का आकलन आपके हिसाब से नहीं किया जा सकता।
हालांकि अदालत ने यह भी कहा कि अच्छे छात्र विज्ञान और चिकित्सा क्षेत्र में पढ़ाई करते हैं और यही कारण है कि इस क्षेत्र के लोग परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करते हैं। पीठ ने याचिकाकर्ता से देर से अदालत का दरवाजा खटखटाने के बारे में भी पूछा। अदालत ने कहा कि सब कुछ समान है, पाठ्यक्रम भी वही है।
आखिर आपने इतना वक्त क्यों लिया। जब नौ लाख छात्र परीक्षा में बैठने के लिए तैयार है, तब आखिर क्या किया जा सकता है। जबकि एक छात्र इसके लिए तैयार नहीं। पीठ ने कहा कि सभी छात्रों ने मई में आवेदन किया था और वह परीक्षा के लिए तैयार हैं। ऐसे में हमें इस याचिका में कोई योग्यता नहीं नजर आती। इसलिए अदालत याचिका को खारिज करती है।
हो सकता है विरोध प्रदर्शन
छात्र लंबे समय से सीसैट का विरोध कर रहे
हैं। लिहाजा रविवार को होने वाली परीक्षा के दौरान ऐसा होने की आशंका है।
जिला प्रशासन ने पुलिस अधिकारियों को खास निर्देश दिए हैं कि परीक्षा में
छात्र किसी भी तरह का विरोध न कर पाएं। परीक्षा में खलल न पड़े और सुचारु
संचालक के लिए एक एसपी, दो सीओ, 10 इंस्पेक्टर, 50 सब इंस्पेक्टर, 175 हेड
कांस्टेबल, 10 महिला सब इंस्पेक्टर और 20 महिला सिपाहियों की ड्यूटी तय की
गई है।
परीक्षा पैटर्न और मूल्यांकन
यूपीएससी प्री में 200-200 अंकों के सीसैट-1 और सीसैट-2 के दो पेपर होंगे। परीक्षार्थियों को पेपर-2 (सभी सेट) में इंग्लिश लैंग्वेज कंप्रीहेंशन स्किल सेक्शन (दसवीं कक्षा के स्तर पर आधारित) के 22.5 अंकों वाले 8 या 9 सवालों के जवाब नहीं देने हैं। मूल्यांकन में इन सवालों को शामिल नहीं किया जाएगा। बाकी बचे अंकों के एग्रीगेट (दोनों पेपर) के आधार पर फाइनल मेरिट तैयार की जाएगी। दरअसल, प्रश्नपत्र में इन सवालों का हिंदी ट्रांसलेशन उपलब्ध नहीं होगा।
फरीदाबाद की भी तैयारी पूरी
लंबे विवाद के बाद 24 अगस्त को होने वाली संघ लोक सेवा आयोग की प्रारंभिक परीक्षा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। फरीदाबाद, नोएडा समेत पूरी एनसीआर में पड़े परीक्षा केंद्रों पर तैयारी पूरी हो गई है।
फरीदाबाद के 38 सेंटरों पर करीब 15 हजार परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। केंद्र पर निर्धारित समय से 20 मिनट पहले पहुंचना अनिवार्य होगा ताकि उनकी तलाशी आदि की प्रक्रिया पूरी की जा सके।
अंदर-बाहर नहीं होगा कोई अधिकारी
परीक्षा के दौरान जिस अधिकारी की ड्यूटी जहां लगाई गई है वह उसे छोड़कर कहीं आ-जा नहीं सकेगा। ट्रांजिट अफसर को बाहर आने की इजाजत नहीं होगी। ड्यूटी मजिस्ट्रेट परीक्षा केंद्र के अंदर नहीं जा सकेंगे। उन्हें बाहर रहकर कानून व्यवस्था पर नजर रखनी होगी।
50 रुपये से अधिक किराया नहीं लेंगे ऑटो चालक
एडीसी ने बताया कि यूपीएससी की परीक्षा पहली बार शहर में आयोजित हो रही है। ऐसे में यह फरीदाबाद की प्रतिष्ठा का सवाल है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए ऑटो चालक यूनियन के साथ बैठक कर उन्हें अधिक किराया न वसूलने की हिदायत दी गई है। उन्होंने कहा कि कोई भी ऑटो चालक परीक्षार्थियों से 50 रुपये से अधिक किराया नहीं लेगा। यदि इससे अधिक किराया वसूलने की शिकायत मिलती है तो संबंधित ऑटो चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
नोएडा में लोकसेवा परीक्षा की तैयारी पूरी
नोएडा में संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की प्राथमिक परीक्षा रविवार को आयोजित कराई जाएगी। इसके लिए नोएडा और ग्रेटर नोएडा में कुल 33 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिन पर कुल 14 हजार 757 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। यूपीएससी ने परीक्षार्थियों को दूसरी शिफ्ट में होने वाले पेपर-2 के इंग्लिश लैंग्वेज कंप्रीहेशन स्किल के सवालों के जवाब न देने के निर्देश दिए गए हैं।
शिफ्ट शुरू होने से पहले हर परीक्षा कक्ष में इसकी घोषणा की जाएगी। सिविल सर्विसेज एप्टीट्यूड टेस्ट (सीसैट) में हिंदी-अंगेजी भाषा के विवाद के चलते ये निर्देश हुए हैं। पहली शिफ्ट सुबह 9:30 से 11:30 बजे और दूसरी दोपहर 2:30 से 4:30 बजे तक होगी।
परीक्षा के संचालन के लिए प्रदेश स्तरीय जांच कमेटी में युमना प्राधिकरण के सीईओ पीसी गुप्ता, गौतमबुद्ध यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार पुष्यपति सक्सेना, व्यापार कर विभाग के एडिश्नल कमिश्नर सुरेश कुमार और जिला नोडल इंचार्ज एडीएम-फाइनेंस अच्छे लाल यादव को जिम्मेदारी सौंपी गई हैं।