यहां अपने ही विषय की परीक्षा कराते हैं गुरूजी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी बोर्ड की परीक्षाएं शुरू हुए करीब 10 दिन बीत चुके हैं। इस दौरान कई केंद्रों पर नकल का खेल चल रहा है। सोमवार को दूसरी पाली में इंटरमीडिएट में फिजिक्स के साथ ही व्यापारिक संगठन एवं पत्र व्यवहार का पेपर चल रहा था।
चिनहट स्थित प्रज्ञा बालिका इंटर कॉलेज में इसी विषय के शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई थी। फ्लाइंग स्क्वॉयड के निरीक्षण में दो शिक्षक ड्यूटी करते पाए गए।
मालूम हो कि कॉलेज और बाहर के कुल मिलाकर 32 शिक्षक कक्ष निरीक्षण के लिए मौजूद हैं, इसके बावजूद वाणिज्य के दोनों शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई थी।
इसी तरह इंदिरा नगर स्थित सक्सेना इंटर कॉलेज में भी दूसरी पाली में विषय विशेषज्ञ शिक्षक को ड्यूटी करते पकड़ा गया।
दोनों कॉलेजों के तीनों शिक्षकों के खिलाफ रिपोर्ट बनाकर डीआईओएस कार्यालय को भेज दी गई है। इन पर मंगलवार को कार्रवाई की जाएगी।
पांच कॉलेज फंसे पेंच में
लखनऊ में यूपी बोर्ड की परीक्षा में अनियमितता करने वाले पांच परीक्षा केंद्रों की रिपोर्ट यूपी बोर्ड कार्यालय इलाहाबाद भेज दी गई है।
इनमें कुंवर आसिफ अली संजू मियां, फ्लोरेंस नाइटेंगल, एसडी मेमोरियल, पंचशील इंटर कॉलेज नगराम और आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अहमामऊ के नाम शामिल हैं।
कुंवर आसिफ अली संजू मियां इंटर कॉलेज में फर्जी कक्ष निरीक्षक पकड़े जाने तथा बाकी कॉलेजों में विषय विशेषज्ञ शिक्षकों से ड्यूटी कराने का मामला सामने आया था।
ढाई बजे निकला उड़ाका दल, पौने तीन पर वापस
यूपी बोर्ड परीक्षा दो बजे से शुरू होनी थी। इसके बावजूद दो फ्लाइंग स्क्वायड दोपहर ढाई बजे तक शिक्षा भवन में ही जमे रहे।
इसके बाद ढाई बजे के करीब दो दल रवाना हुए। करीब 15 मिनट बाद ही दोनों दल वापस आ गए। पता चला कि पेट्रोल पंप की हड़ताल के कारण दोनों गाड़ियों में ईंधन नहीं भर सका।
रजिस्टर से लगी ड्यूटी में भी खेल की आशंका
बोर्ड परीक्षा के दौरान विषय विशेषज्ञ शिक्षकों की ओर से ड्यूटी का खेल कक्ष निरीक्षण ड्यूटी के लिए परिचय पत्र बनने के समय ही नजर आ गया था।
इस बार कक्ष निरीक्षकों के परिचय पत्र नौवीं और 11वीं के ऑनलाइन पंजीकरण फॉर्म से सत्यापित करने के बाद ही बनाए गए हैं। परिचय पत्र बनवाने के दौरान कॉलेजों की ओर से झूठी सूचनाएं देने के कई मामले पकड़े गए थे।
पर्याप्त मात्रा में कक्ष निरीक्षक न मिलने के कारण परीक्षा शुरू होने से दो दिन पहले रजिस्टर के माध्यम से शिक्षकों के परिचय पत्र बनाने की बात कही गई थी।
इस पर 200 से ज्यादा शिक्षकों के परिचय पत्र जारी किए गए हैं। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि इन 200 शिक्षकों के परिचय पत्र बनाने में भी काफी खेल किया गया है।
सिटिंग प्लान मिला गड़बड़
कुर्सी रोड स्थित डॉ. श्याम सिंह इंटर कॉलेज में परीक्षा के दौरान सिटिंग प्लान में गड़बड़ी का मामला सामने आया है।
मौके पर केंद्र व्यवस्थापक को चेतावनी देने के साथ ही सिटिंग प्लान सही करवाया गया। जानकारों की मानें तो यह कोई नई बात नहीं है। राजधानी में कई ऐसे केंद्र हैं, जहां ऐसी गड़बड़ियों को जिम्मेदार आसानी से नजरअंदाज कर देते हैं।