एग्जाम में लिखा मैम का नाम, मिल गए 69 नंबर!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एलयू के शारीरिक शिक्षा विभाग में एक स्टूडेंट ने अपनी कॉपी में शिक्षिका का नाम लिखकर 69 नंबर हासिल कर लिए हैं।
एमपीएड चतुर्थ सेमेस्टर के एडमिनिस्ट्रेशन एंड सुपरविजन पेपर की कॉपी में विभाग की जिस शिक्षिका का नाम लिखा गया है, वह ही यह पेपर पढ़ाती हैं और उन्होंने ही यह कॉपी भी जांची है।
यह मामला प्रकाश में आने के बाद शारीरिक शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।
पहले ही कॉपियां उठाकर घर ले जाने और उसमें बाहर से कंटेंट लिखवाकर जमा करने की कोशिश करने वाली इस शिक्षिका के खिलाफ यूनिवर्सिटी प्रशासन ने जांच बैठा रखी है।
अभी जांच पूरी नहीं हुई कि अब यह दूसरा मामला सामने आ गया है। इस मामले में स्टूडेंट ने कॉपियों की कोडिंग को तोड़ने के लिए शिक्षिका का ही नाम लिख दिया।
इतना ही नहीं कॉपी जांचने पर शिक्षिका ने इस पर आपत्ति नहीं जताई और नंबर भी खूब दे दिए।
सब मान रहे हैं, कुछ तो गड़बड़ है
शारीरिक शिक्षा विभाग के को-ऑर्डिनेटर डॉ. नीरज जैन कहते हैं कि कॉपियों में खेल कर चहेतों के नंबर बढ़ाए गए हैं।
एक कॉपी पर शिक्षिका का नाम है तो एक अन्य कॉपी में स्वास्तिक का चिह्न बना हुआ है, जबकि एलयू में परीक्षा की कॉपियों की कोडिंग की जाती है। उनके ऊपर से रोलनंबर का पन्ना फाड़कर उसकी जगह कोड नंबर लिख दिया जाता है।
निश्चित तौर पर अगर कॉपी में शिक्षिका का नाम लिखा है और उसमें नंबर भी अच्छे मिले हैं तो यह साफ है कि कहीं न कहीं कोई खेल हुआ है।
आखिर उनकी कौन सी किताब मार्केट में है जो स्टूडेंट ने सीधे उनका नाम अपनी कॉपी में मोटे अक्षर से लिखा। वह भी एकदम अलग।
बैठाई गई जांच कमेटी
फिलहाल, कॉपियां उठाकर घर ले जाने और उसमें एक बी कॉपी लिखवाकर जोड़ने के मामले में पहले ही जांच चल रही है।
इसमें डीन फैकल्टी ऑफ लॉ प्रो. आरआर लॉयल की अध्यक्षता में जांच कमेटी पड़ताल कर रही है। इससे विभाग की खासी बदनामी हो रही है।
शारीरिक शिक्षा विभाग के अध्यक्ष प्रो. मनोज दीक्षित कहते हैं कि कोडिंग तोड़ने के लिए कॉपी में शिक्षिका नाम लिखे जाने का प्रकरण सामने आया है।
अभी इस प्रकरण पर ज्यादा कुछ नहीं कहा जा सकता लेकिन यह बिल्कुल सही है कि छात्र ने शिक्षिका का नाम लिखा है और उसे 69 नंबर भी मिले हैं।