{"_id":"7ba9551b334c00099e791e69228aaea6","slug":"teacher-s-recruitment-on-holidays","type":"story","status":"publish","title_hn":"नियम ताक पर, छुट्टी के दिन हुआ शिक्षकों का इंटरव्यू","category":{"title":"Campus Archives","title_hn":"कैंपस आर्काइव","slug":"campus-archives"}}
नियम ताक पर, छुट्टी के दिन हुआ शिक्षकों का इंटरव्यू
ब्यूरो/अमर उजाला, लखनऊ
Updated Tue, 11 Feb 2014 11:54 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जिला विद्यालय निरीक्षक ने दो बार रोक लगाई। जांच चल रही है। शासन ने भी रोक लगा दी।
विज्ञापन
इसके बावजूद दिगंबर जैन इंटर कॉलेज के प्रबंधक ने शिक्षक और कर्मचारियों की भर्ती के लिए साक्षात्कार करवा लिए। यह साक्षात्कार भी हफ्ते के दूसरे शनिवार और रविवार को छुट्टी के दिन रखे गए वह भी कॉलेज के बाहर हुए।
इसके प्रबंधक ने प्रबंध समिति की भी सहमति नहीं ली। खुद प्रबंध समिति के अध्यक्ष ने इन साक्षात्कार को अवैधानिक ठहराते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक और जिलाधिकारी से एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है।
विज्ञापन
दिगंबर जैन इंटर कॉलेज में दिसंबर में एलटी ग्रेड के सात शिक्षकों की नियुक्ति का विज्ञापन निकाला गया था। नियमों को ताक पर रखकर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने पर वर्तमान जिला विद्यालय निरीक्षक पीसी यादव ने रोक लगा दी।
विज्ञापन
उन्होंने दो बार रोक के आदेश दिए। कॉलेज को नोटिस भेजकर उन्होंने जवाब भी मांगा। फिलहाल शासन ने भी लखनऊ में हो रहीं विवादित नियुक्तियों और उनके वेतन जारी करने पर रोक लगा दी है।
जिला विद्यालय निरीक्षक और शासन की रोक के बावजूद कॉलेज ने नियुक्ति प्रक्रिया नहीं रोकी। प्रबंधक नृपेंद्र कुमार जैन ने अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के पत्र जारी किए। ये साक्षात्कार आठ और नौ फरवरी को हुए।
आठ फरवरी को गणित, विज्ञान, जीव विज्ञान एवं गृह विज्ञान के शिक्षकों के साक्षात्कार हुए। वहीं नौ फरवरी को सामाजिक विज्ञान एवं कला के शिक्षक और क्लर्क के लिए साक्षात्कार हुआ।
इसके लिए छुट्टी का दिन इसलिए चुना गया कि ताकि इसमें कोई अड़चन न आए। यही नहीं सभी अभ्यर्थियों को कॉलेज के बाहर एक स्थान पर बुलाया गया ताकि कोई इसमें व्यवधान न डाले और खबर भी लीक न हो।
खुद प्रबंध समिति के अध्यक्ष विनय कुमार जैन ने इस नियुक्ति प्रक्रिया को अवैध ठहराते हुए एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है। इसके लिए उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक और जिलाधिकारी को पत्र लिखा है।