फेल छात्रों को तोहफा देने की तैयारी में एचपीयू
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय यूजी सेकंड ईयर के छात्रों को सुपर गोल्डन चांस देने की तैयारी में है। इस अंतिम अवसर के लिए छात्रों को भी जेब ढीली करनी पड़ेगी। उन्हें सुपर गोल्डन चांस के लिए पांच हजार रुपये फीस देनी होगी।
विवि के इस निर्णय से प्रदेश के हजारों छात्रों को राहत मिलेगी। एचपीयू ने यूजी सेकंड ईयर के छात्रों को सितंबर में गोल्डन चांस दिया था। इसमें असफल रहे छात्रों को अब सुपर गोल्डन चांस देने की तैयारी है।
कॉलेजों में रूसा सीबीसीएस लागू होने के बाद अधर में लटके छात्रों को यह विशेष मौका दिया जा रहा है। रेगुलर छात्रों को फाइनल की परीक्षा के साथ कंपार्टमेंट तोड़ने के लिए सुपर गोल्डन चांस की भी तैयारी करनी होगी।
जल्द जारी होगी अधिसूचना
हालांकि, अभी सुपर गोल्डन चांस की अधिसूचना जारी नहीं हुई है। सूत्रों के मुताबिक विवि छात्रों को सुपर गोल्डन चांस देने की तैयारी में है। एक दो दिन में इसकी अधिसूचना जारी हो सकती है।
विवि ने शुक्रवार को बीए द्वितीय वर्ष की गोल्डन चांस/अनुपूरक परीक्षा का परिणाम भी घोषित कर दिया। इसमें जो छात्र पास नहीं हुए, वे अधिसूचना जारी होने पर विवि की तय नई दरों के मुताबिक फीस चुकाकर सुपर गोल्डन चांस का लाभ उठा पाएंगे।
बीए सेकंड गोल्डन चांस का परिणाम निकाला
प्रदेश विश्वविद्यालय ने सितंबर महीने में हुई बीए द्वितीय वर्ष की गोल्डन चांस और सप्लीमेंटरी परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। विवि के परीक्षा नियंत्रक प्रो. श्यामलाल कौशल ने कहा कि कुल 5365 छात्रों में से 3527 छात्रों ने परीक्षा पास की है।
पास प्रतिशत 65 फीसदी रहा है। डनहोंने कहा कि प्रदेश विवि की वेबसाइट पर परीक्षा परिणाम और अंक तालिका उपलब्ध करवाई गई है। छात्रों को उनके पते पर भी अंक तालिका भेजी जा रही है।
जल्द ही बाकी बची परीक्षाओं का रिजल्ट भी घोषित किया जाएगा।
दस दिन में परीक्षा फार्म भरें उत्तीर्ण हुए छात्र
बीए द्वितीय वर्ष की गोल्डन चांस परीक्षा में उत्तीर्ण प्राइवेट छात्रों को दस दिन में फाइनल ईयर के परीक्षा फार्म भरने होंगे। परीक्षा नियंत्रक ने कहा कि रोल ऑन आधार पर रेगुलर छात्र भी इस समय सीमा में परीक्षा फार्म भरकर विवि को भेजें।
इसके लिए तय सामान्य फीस जमा करवानी होगी। कॉलेज भी रोल ऑन पर फाइनल की कक्षाएं लगा चुके छात्रों के परीक्षा फार्म विवि भेजना सुनिश्चित करें। रेगुलर कक्षाएं लगाने वाले छात्रों के फार्म कॉलेजों में भरवाए जा चुके हैं।
जिन छात्रों का रिजल्ट अब निकला है वे भी अपना फॉर्म दस दिन में भरकर विवि में जमा करवा सकते हैं।